उत्तर कोरिया का युद्धपोत किम की मौजूदगी में जलावतरण समारोह के दौरान क्षतिग्रस्त

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Thu, 22 May 2025 08:09 PM
उत्तर कोरिया का युद्धपोत किम की मौजूदगी में जलावतरण समारोह के दौरान क्षतिग्रस्त
ऑडियो सुनें

सियोल. उत्तर कोरिया की नौसेना के लिए अहम 5,000 टन वजनी एक नया विध्वंसक युद्धपोत अपने जलावतरण समारोह के दौरान क्षतिग्रस्त हो गया. इस कार्यक्रम में उत्तर कोरिया के नेता किम जोंग उन भी शामिल हुए थे. सरकारी मीडिया ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी. उत्तर कोरियाई नेता देश के खिलाफ व्यापक होते अमेरिका नीत खतरों से निपटने के लिए बड़े युद्धपोत चाहते हैं.

उत्तर कोरिया के लिए सैन्य-संबंधी असफलताओं को स्वीकार करना सामान्य बात नहीं है, लेकिन पर्यवेक्षकों का कहना है कि असफल पोत जलावतरण का खुलासा यह दर्शाता है कि किम अपने नौसैनिक उन्नति कार्यक्रम के प्रति गंभीर हैं और अंतत? उस उद्देश्य को प्राप्त करने के प्रति आश्वस्त हैं.

उत्तर कोरिया की आधिकारिक ‘कोरियन सेंट्रल न्यूज एजेंसी’ (केसीएनए) के अनुसार, 5000 टन श्रेणी का विध्वंसक पोत जलावतरण के समय ‘रैंप’ से फिसल गया और फंस गया जिससे युद्धपोत का संतुलन बिगड़ गया और उसका निचला हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया.
केसीएनए ने इस बात का विवरण नहीं दिया कि चोंगजिन के उत्तर-पूर्व बंदरगाह पर बुधवार को जलावतरण के दौरान हुई दुर्घटना का कारण क्या था, क्षति कितनी गंभीर थी, या कोई घायल हुआ था या नहीं.

किम ने सैन्य अधिकारियों, वैज्ञानिकों और शिपयार्ड संचालकों को इस घटना के लिए दोषी ठहराया. उन्होंने इस घटना के लिए ”घोर लापरवाही, गैरजिम्मेदारी और वैज्ञानिक समझ की कमी” को जिम्मेदार बताते हुए इसे एक ”गंभीर दुर्घटना और आपराधिक कृत्य” बताया. ‘केसीएनए’ ने कहा कि किम ने ”गैरजिम्मेदाराना गलतियों” के मद्देनजर सत्तारूढ़ ‘वर्कर्स पार्टी’ की बैठक बुलाई है. ये विध्वंसक पोत परमाणु क्षमता वाली मिसाइलें ले जा सकता है. एजेंसी ने बताया कि पार्टी की शक्तिशाली केंद्रीय समिति की पूर्ण बैठक जून के अंत में निर्धारित की गई है.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu