छत्तीसगढ़ शराब घोटाला: कारोबारी विजय भाटिया गिरफ्तार

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Sun, 01 Jun 2025 10:08 PM
छत्तीसगढ़ शराब घोटाला: कारोबारी विजय भाटिया गिरफ्तार
ऑडियो सुनें

रायपुर. छत्तीसगढ़ पुलिस के भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो/आर्थिक अपराध शाखा (एसीबी/ईओडब्ल्यू) ने कथित शराब घोटाले के सिलसिले में व्यापारी विजय भाटिया को नयी दिल्ली से गिरफ्तार किया. उसे रविवार को रायपुर में प्रथम श्रेणी न्यायिक मजिस्ट्रेट (जेएमएफसी) की अदालत में पेश किया गया, जहां से एसीबी/ईओडब्ल्यू की एक दिन की हिरासत में भेज दिया गया.

एसीबी/ईओडब्ल्यू के बयान के अनुसार, घोटाले के मुख्य आरोपी भाटिया ने छत्तीसगढ़ में शराब बनाने वाली विदेशी कंपनियों और आपूर्तिकर्ताओं से बड़े पैमाने पर कमीशन एकत्र करके कथित रूप से अवैध लाभ पहुंचाया, जिससे सरकार को राजस्व की भारी हानि हुई.
इसमें कहा गया कि भाटिया पर भारतीय दंड संहिता की विभिन्न धाराओं और भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धारा सात और 12 के तहत मामला दर्ज किया गया है.

एसीबी/ईओडब्ल्यू के वकील ने बताया कि उसे सोमवार को हिरासत में लेने के लिए फिर से विशेष एसीबी/ईओडब्ल्यू अदालत में पेश किया जाएगा. बयान में कहा गया कि इसके अलावा, एसीबी/ईओडब्ल्यू ने दुर्ग और भिलाई में भाटिया, उसकी कंपनियों और उसके सहयोगियों से जुड़े आठ स्थानों पर छापेमारी की.

तलाशी के दौरान आरोपी, उसकी संबंधित कंपनियों और सहयोगियों के परिसरों से महत्वपूर्ण दस्तावेज, निवेश से संबंधित कागजात और इलेक्ट्रॉनिक गैजेट (डिजिटल डिवाइस) जब्त किए गए. प्रवर्तन निदेशालय के अनुसार, छत्तीसगढ़ में शराब घोटाला 2019 से 2022 के बीच किया गया था, जब भूपेश बघेल के नेतृत्व वाली कांग्रेस सरकार सत्ता में थी.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu