छह ग्रामीणों की रहस्यमय मौत के बाद लकड़बग्घे की खोज, संदिग्ध पगमार्क मिले

इंदौर. मध्यप्रदेश के बड़वानी जिले में किसी अज्ञात जानवर के काटने के बाद छह ग्रामीणों की रहस्यमय हालात में मौत के बाद वन विभाग ने लकड़बग्घा दिखाई देने की सूचना पर खोज अभियान तेज कर दिया है. अधिकारियों ने बुधवार को यह जानकारी दी.
अधिकारियों के मुताबिक पहली नजर में संदेह है कि ग्रामीणों पर हमला करने वाला अज्ञात जानवर रेबीज वायरस से संक्रमित था, हालांकि इसकी पुष्टि के लिए जांच रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है.

वन परिक्षेत्र अधिकारी (रेंजर) विकास जमरे ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया, ”लिम्बई गांव के लोगों ने हमें आस-पास के क्षेत्रों में लकड़बग्घा नजर आने की सूचना दी है. क्षेत्र में इस जानवर के संदिग्ध पगमार्क भी मिले हैं. इसके बाद हमने अपना खोज अभियान तेज कर दिया है.” उन्होंने बताया कि इस अभियान के तहत वन विभाग के करीब 45 कर्मी लिम्बई गांव के 15 किलोमीटर के दायरे में लकड़बग्घे की तलाश कर रहे हैं. लिम्बई गांव से वन सीमा करीब 4.50 किलोमीटर दूर है.

जमरे ने बताया, “लकड़बग्घे के संदिग्ध पगमार्क की जांच की जा रही है. अभी पुष्टि नहीं हो सकी है कि ये पगमार्क लकड़बग्घे के ही हैं.” अधिकारियों ने बताया कि बड़वानी जिले के ग्रामीण क्षेत्र में पांच मई को तड़के अज्ञात जानवर ने 17 लोगों पर तब हमला कर दिया था, जब वे गर्मी के चलते अपने घरों के बाहर खुले में सो रहे थे. उन्होंने बताया कि 23 मई से दो जून के बीच इनमें से छह लोगों की मौत हो चुकी है.

अधिकारियों के मुताबिक अज्ञात जानवर के हमले की जद में आए सभी 17 लोगों को रेबीज से बचाव का इंजेक्शन लगाया गया था.
बड़वानी की मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (सीएमएचओ) डॉ. सुरेखा जमरे ने बताया, “अज्ञात जानवर के हमले के बाद बीमार हुए लोगों में शामिल 35 वर्षीय पुरुष जिला चिकित्सालय में भर्ती है और उसकी हालत स्थिर बनी हुई है. बाकी लोगों की स्थिति फिलहाल ठीक है.” सीएमएचओ ने बताया कि अज्ञात जानवर के काटने के बाद दम तोड़ने वाले एक व्यक्ति के मस्तिष्क के ऊतक और जीवित मरीजों की लार के नमूने पुणे के राष्ट्रीय विषाणु विज्ञान संस्थान (एनआईवी) की प्रयोगशाला भेजे गए हैं ताकि जांच करके पता लगाया जा सके कि ये लोग रेबीज वायरस से संक्रमित थे या नहीं.

इंदौर के शासकीय महात्मा गांधी स्मृति चिकित्सा महाविद्यालय के डीन (अधिष्ठाता) डॉ. अरविंद घनघोरिया ने बताया, ”हमें पहली नजर में संदेह है कि बड़वानी जिले के छह लोगों की मौत रेबीज के कारण हुई है. इसकी पुष्टि के लिए एक मृतक के मस्तिष्क के ऊतक को जांच के लिए दिल्ली की एक प्रयोगशाला भेजा गया है. इसकी रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है.”

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button