कर्नाटक सरकार को सुरक्षा प्रोटोकॉल की तत्काल समीक्षा करनी चाहिए: भगदड़ की घटना पर खरगे ने कहा

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Wed, 04 Jun 2025 08:22 PM
कर्नाटक सरकार को सुरक्षा प्रोटोकॉल की तत्काल समीक्षा करनी चाहिए: भगदड़ की घटना पर खरगे ने कहा
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली. कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने आईपीएएल में ‘रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु’ (आरसीबी) की जीत का जश्न मनाए जाने के दौरान आयोजन स्थल पर मची भगदड़ में कई लोगों की मौत पर बुधवार को दुख जताया और कहा कि राज्य सरकार को आयोजनों के लिए सुरक्षा प्रोटोकॉल की तुरंत समीक्षा करनी चाहिए तथा उन्हें मजबूत करना चाहिए.

आरसीबी की जीत के जश्न में भाग लेने के लिए बुधवार को यहां चिन्नास्वामी स्टेडियम के पास बड़ी संख्या में क्रिकेट प्रेमियों के जुटने के उपरांत मची भगदड़ में कम से कम चार लोगों की मौत हो गई और कई अन्य घायल हुए हैं. भाजपा की कर्नाटक इकाई के अध्यक्ष विजयेंद्र ने दावा किया कि भगदड़ से 11 लोगों की मौत हुई है. हालांकि, इसकी कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है.

खरगे ने ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, ”रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु की आईपीएल, 2025 की जीत के जश्न के दौरान बेंगलुरु में हुई दुखद भगदड़ से मैं बहुत दुखी हूं. इस दुर्भाग्यपूर्ण घटना में बहुमूल्य जिंदगियों की क्षति हुई है और कई लोगों को चोटें आई हैं जो अत्यंत दुखद है. मेरी संवेदनाएं और प्रार्थनाएं उन परिवारों के साथ हैं जिन्होंने अपने प्रियजनों को खो दिया है, और मैं घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं.” उन्होंने कहा कि कांग्रेस बेंगलुरु के लोगों के साथ खड़ी है और कर्नाटक सरकार द्वारा प्रभावित परिवारों को राहत, चिकित्सा सहायता और सहायता प्रदान किए जाने के सभी प्रयासों में सहयोग करने के लिए प्रतिबद्ध है. खरगे ने कहा, ”राज्य सरकार और संबंधित अधिकारियों को ऐसी त्रासदी की पुनरावृत्ति को रोकने के लिए ऐसे आयोजनों के वास्ते सुरक्षा प्रोटोकॉल की तुरंत समीक्षा करनी चाहिए तथा उन्हें मजबूत करना चाहिए. जीत की खुशी कभी भी जान की कीमत पर नहीं होनी चाहिए.”

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu