मुझे बहुत बुरा लग रहा है, जश्न से ज्यादा महत्वपूर्ण हैं जिंदगियां: कपिल

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Thu, 05 Jun 2025 08:01 PM
मुझे बहुत बुरा लग रहा है, जश्न से ज्यादा महत्वपूर्ण हैं जिंदगियां: कपिल
ऑडियो सुनें

बेंगलुरु. महान ऑलराउंडर कपिल देव ने बृहस्पतिवार को रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) की आईपीएल जीत के जश्न के दौरान 11 प्रशंसकों की मौत पर दुख व्यक्त करते हुए कहा कि ‘जिंदगी जश्न से ज्यादा महत्वपूर्ण है’ और सभी को भविष्य में उचित सावधानी बरतने की सलाह दी. बुधवार को अपने पसंदीदा खिलाड़ियों की एक झलक पाने के लिए एम चिन्नास्वामी स्टेडियम के आस-पास के इलाकों में करीब ढाई लाख लोग उमड़ पड़े लेकिन इसके बाद मची अफरातफरी में 11 लोगों की मौत हो गई जबकि कई अन्य घायल हो गए.

एक कारपोरेट कार्यक्रम के मौके पर कपिल ने पीटीआई से कहा, ”मुझे इस बात का बहुत बुरा लग रहा है. मुझे लगता है कि हमें एक-दूसरे से सीखना चाहिए. अगली बार जब ऐसा कुछ (विजय परेड) होगा तो लोगों को अधिक सचेत रहना चाहिए. लोग गलती करते हैं.” भारत की 1983 विश्व कप विजेता टीम के कप्तान ने टीमों और अन्य हितधारकों से इस तरह के बड़े कार्यक्रमों के दौरान विवेक बनाए रखने का आग्रह किया.

कपिल ने कहा, ”गलतियां इतनी बड़ी नहीं होनी चाहिए कि आप मौज-मस्ती कर रहे हों और जान गंवा बैठें. भविष्य में अगर कोई टीम जीतती है तो उसे धैर्य रखना चाहिए. जश्न से ज्यादा जान की अहमियत है. इसे इस तरह से समझा जा सकता है.” कपिल ने उम्मीद जताई कि भारत इंग्लैंड के पांच मैचों के आगामी टेस्ट दौरे में विजयी होगा.

उन्होंने कहा, ”वे एक अच्छी टीम हैं. क्रिकेट एक टीम खेल है और अगर वे एक टीम के रूप में खेलते हैं तो उन्हें अच्छे परिणाम मिलेंगे. चाहे वह शुभमन गिल हो या जसप्रीत बुमराह… यह व्यक्तिगत खिलाड़ियों के बारे में नहीं है, एक टीम के रूप में खेलना है. यह अधिक महत्वपूर्ण है.” इस पूर्व ऑलराउंडर ने साथ कहा कि अब वह गोल्फ में एक खिलाड़ी और प्रशासक के रूप में अधिक व्यस्त हैं.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu