दिल्ली: अश्लील वीडियो के जरिए ब्लेकमेल कर 14 लाख रुपये ठगे, तीन लोग गिरफ्तार

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Thu, 05 Jun 2025 08:08 PM
दिल्ली: अश्लील वीडियो के जरिए ब्लेकमेल कर 14 लाख रुपये ठगे, तीन लोग गिरफ्तार
ऑडियो सुनें

दिल्ली. पुलिस ने तीन लोगों को गिरफ्तार कर एक कथित ‘सेक्सटॉर्शन’ गिरोह का भंडाफोड़ किया गया है. एक अधिकारी ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी. अधिकारी ने बताया कि गिरफ्तार लोगों पर आरोप है कि इन्होंने एक व्यक्ति को वीडियो कॉल के जरिए फंसाया, आपत्तिजनक स्थिति में रिकॉर्डिंग की, और फिर खुद को पुलिस अधिकारी बताकर उसे धमकाते हुए 14 लाख रुपये वसूल लिए.

दिल्ली पुलिस ने राजस्थान के मेवात से वसीम (30), जावेद (48) और खालिद (23) को गिरफ्तार किया है. पुलिस ने बताया कि ये तीनों आरोपी, लोगों को वीडियो कॉल करते थे और उन्हें महिलाओं की पहले से रिकॉर्ड की गई अश्लील वीडियो के जरिए लुभाते थे. अधिकारी के अनुसार, इसके बाद पीड़ितों को एक व्यक्ति फोन करता था जो खुद को अपराध शाखा का अधिकारी बताते हुए कानूनी कार्रवाई की धमकी देता और आरोप लगाता था कि वीडियो क्लिप एक नाबालिग की है.

पुलिस उपायुक्त (पश्चिम) विचित्र वीर ने बताया कि आरोपी, पीड़ितों को कैमरे पर कपड़े उतारने के लिए उकसाते और उनकी अश्लील वीडियो रिकॉर्ड कर लेते. ये लोग इन वीडियो का इस्तेमाल पीड़ितों को ब्लैकमेल करने के लिए करते थे. अधिकारी ने बताया कि मामले में शिकायतकर्ता को एक अज्ञात नंबर से वीडियो कॉल आया. डीसीपी वीर ने बताया कि वीडियो कॉल के दौरान एक अश्लील वीडियो चलने लगा और उसमें मौजूद महिला ने शिकायतकर्ता को कपड़े उतारने के लिए मना लिया. इसके बाद आरोपी ने उसे तीन अश्लील वीडियो क्लिप भेजीं और रुपये मांगे.

अधिकारी ने बताया कि आरोपी ने खुद को पुलिस अधिकारी बताते हुए शिकायतकर्ता से कहा कि उसका फोन निगरानी में है और उसके खिलाफ यौन उत्पीड़न का मामला दर्ज किया जा सकता है. अधिकारी के अनुसार, फोन करने वाले ने यह भी दावा किया कि वीडियो में दिख रही महिला ने आत्महत्या कर ली है और उसने समझौते के लिए छह लाख रुपये न देने पर पीड़ित को गिरफ्तार करने की धमकी दी. उन्होंने बताया कि शिकायतकर्ता ने धोखेबाजों को कुल मिलाकर करीब 14 लाख रुपये हस्तांतरित किए.

शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर एक टीम गठित की, जिसने राजस्थान के मेवात क्षेत्र में उनका पता लगाया.
अधिकारी ने बताया, ”डीग जिले के सीकरी में छापेमारी की गई, जहां से तलाश के बाद वसीम को पकड़ लिया गया. इसके बाद जावेद और खालिद को भी उनके आवासों से गिरफ्तार कर लिया गया.” पुलिस ने बताया कि उनके पास से आपत्तिजनक डेटा वाले दो मोबाइल फोन जब्त किए गए हैं और तीनों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है. दिल्ली पुलिस ने बताया कि आरोपियों ने इस गिरोह का बड़ा नेटवर्क होने का संदेह है और इस संबंध में जांच की जा रही है.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu