राहुल गांधी ने भारत की सशस्त्र सेनाओं का ‘अपमान’ किया: अनिल विज

चंडीगढ़. हरियाणा के मंत्री अनिल विज ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पर ‘आत्मसमर्पण’ संबंधी टिप्पणी के लिए लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी से माफी मांगने की बृहस्पतिवार को मांग की और आरोप लगाया कि कांग्रेस नेता ने देश के सशस्त्र बलों और राष्ट्र का ‘अपमान’ किया है. राज्य के ऊर्जा एवं परिवहन मंत्री ने कहा, ”प्रधानमंत्री मोदी के बारे में ऐसी भाषा का इस्तेमाल करना अस्वीकार्य है.” उन्होंने राहुल गांधी की टिप्पणी को ‘विश्वासघात’ जैसा कृत्य करार दिया.

विज ने कहा कि भारत की जनता इसके लिए राहुल गांधी को कभी माफ नहीं करेगी. राहुल गांधी ने मंगलवार को भोपाल में कांग्रेस के एक कार्यक्रम में आरोप लगाया था कि 22 अप्रैल को पहलगाम आतंकवादी हमले के बाद भारत-पाकिस्तान सैन्य संघर्ष के दौरान अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के फोन के बाद मोदी ने ‘आत्मसमर्पण’ कर दिया था. पहलगाम हमले में 26 लोग मारे गए थे, जिनमें से अधिकतर पर्यटक थे.

विज ने अंबाला में संवाददाताओं से कहा कि भारत को ‘ऑपरेशन सिंदूर’ में बड़ी सफलता मिली है. उन्होंने कहा कि इस अभियान के जरिये भारतीय सशस्त्र बलों ने छह मई की देर रात पाकिस्तान और पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर (पीओके) में नौ आतंकी ठिकानों पर मिसाइल हमले किए, जिनमें बहावलपुर में जैश-ए-मोहम्मद का गढ़ और मुरीदके में लश्कर-ए-तैयबा का ठिकाना भी शामिल था.
अंबाला कैंट से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के विधायक विज ने कहा, ”ऐसे में इस मिशन के नायक नरेन्द्र मोदी के लिए अपमानजनक भाषा का प्रयोग करना देशद्रोह से कम नहीं है.”

कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी वाद्रा ने हाल में आरोप लगाया था कि केंद्र की भाजपा नीत सरकार आर्थिक मोर्चे पर लगातार विफल है. विज ने इस पर पलटवार करते हुए कहा कि वह कांग्रेस नीत वाली पूर्ववर्ती संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन (संप्रग) सरकार की बात कर रही होंगी. हरियाणा विधानसभा में सात बार के विधायक विज ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत ने उल्लेखनीय प्रगति की है और अब यह दुनिया की चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन गया है.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button