अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने 12 देशों पर यात्रा प्रतिबंध की घोषणा की

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Thu, 05 Jun 2025 09:25 PM
अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने 12 देशों पर यात्रा प्रतिबंध की घोषणा की
ऑडियो सुनें

डाकार (सेनेगल)/वाशिंगटन. अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने राष्ट्रीय सुरक्षा चिंताओं का हवाला देते हुए बुधवार को 12 देशों, मुख्य रूप से अफ्रीका और पश्चिम एशिया के नागरिकों के अमेरिका में प्रवेश पर पूरी तरह से प्रतिबंध लगा दिया तथा सात अन्य देशों से आने वाले नागरिकों पर भी आंशिक पाबंदियां लगाई गई हैं. इन 12 देशों में अफगानिस्तान, म्यांमा, चाड, कांगो गणराज्य, इक्वेटोरियल गिनी, इरीट्रिया, हैती, ईरान, लीबिया, सोमालिया, सूडान और यमन शामिल हैं.

इसके अलावा बुरुंडी, क्यूबा, ??लाओस, सिएरा लियोन, टोगो, तुर्कमेनिस्तान और वेनेजुएला के उन नागरिकों के प्रवेश पर प्रतिबंध लगा दिया गया है जो अमेरिका से बाहर हैं और जिनके पास वैध वीजा नहीं है. इन देशों पर यात्रा प्रतिबंध सोमवार रात 12 बजकर एक मिनट से लागू होंगे.

ट्रंप ने 20 जनवरी को एक कार्यकारी आदेश दिया था जिसके तहत विदेश और गृह सुरक्षा विभागों तथा राष्ट्रीय खुफिया निदेशक को अमेरिका के प्रति ”शत्रुतापूर्ण रवैये” के संबंध में एक रिपोर्ट संकलित करने तथा यह पता लगाने को कहा गया था कि क्या कुछ देशों से आने वाले लोग राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए खतरा हैं. इस आदेश के बाद यह सूची जारी की गई है.

सोशल मीडिया पर जारी एक वीडियो में ट्रंप ने नए प्रतिबंध को कोलोराडो के बोल्डर में रविवार को हुए हमले से जोड़ते हुए कहा कि यह उन कुछ आगंतुकों द्वारा उत्पन्न खतरों को रेखांकित करता है जो वीजा की अवधि समाप्त होने के बाद भी यहां रुक जाते हैं.
हमले का संदिग्ध मिस्र का है, जो ट्रंप की प्रतिबंधित सूची में नहीं है. गृह सुरक्षा विभाग का कहना है कि वह पर्यटक वीजा की अवधि से अधिक समय तक वहां रहा.

प्रतिबंध से कुछ श्रेणियों में छूट दी गई हैं जिनमें से कुछ इस प्रकार हैं:

1. वैध निवासी: निर्दष्टि देशों के नागरिक जिन्होंने अमेरिका में कानूनी प्रवास प्राप्त किया है.
2. दोहरी नागरिकता: अमेरिकी नागरिक जिनके पास प्रतिबंधित देशों में से एक की नागरिकता भी है.
3. कुछ एथलीट: एथलीट और उनके कोच विश्व कप, ओलंपिक या अन्य प्रमुख खेल आयोजन के लिए अमेरिका की यात्रा करते हैं.
4. वे अफगान नागरिक जिन्होंने अफगानिस्तान में अमेरिकी सरकार या उसके सहयोगियों के लिए काम किया है और जो अफगान विशेष प्रवासी वीजा धारक हैं.
5. अमेरिकी सरकार के कुछ विदेशी राष्ट्रीय कर्मचारी जिन्होंने कम से कम 15 वर्षों तक विदेश में सेवा की है और उनके पति/पत्नी और बच्चे.
6. शरणार्थी: वे लोग जिन्हें प्रतिबंध लागू होने से पहले शरण दी गई थी या शरणार्थी के रूप में अमेरिका में प्रवेश दिया गया था.
7. आधिकारिक यात्रा पर गये राजनयिक और विदेशी सरकारी अधिकारी.
राष्ट्रपति के रूप में अपने पहले कार्यकाल के दौरान ट्रंप ने जनवरी 2017 में एक कार्यकारी आदेश जारी कर सात मुस्लिम बहुल देशों – इराक, सीरिया, ईरान, सूडान, लीबिया, सोमालिया और यमन के नागरिकों की अमेरिका यात्रा पर प्रतिबंध लगा दिया था.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu