लड़की से छेड़छाड़ का विरोध करने पर युवक को चाकू घोंपा, आरोपी फरार

Author: navabharat digital
UPDATED: Fri, 06 Jun 2025 03:06 PM
लड़की से छेड़छाड़ का विरोध करने पर युवक को चाकू घोंपा, आरोपी फरार
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली: पूर्वी दिल्ली के गांधी नगर इलाके में 18 वर्षीय एक युवक को दो लोगों ने एक लड़की पर अभद्र टिप्पणी का विरोध करने पर कथित तौर पर चाकू घोंप दिया। पुलिस ने शुक्रवार को बताया कि दोनों आरोपी वारदात के बाद से फरार हैं। पुलिस के मुताबिक, पीड़ित की पहचान अजीम के रूप में हुई है, जो ओल्ड सीलमपुर इलाके का रहने वाला है।

पुलिस ने बताया कि अजीम पर चाकू से हमले की सूचना पांच जून को मिली थी और जब तक जांच अधिकारी मौके पर पहुंचे, उसे एसडीएन अस्पताल में भर्ती कराया जा चुका था। अजीम ने अपने बयान में आरोप लगाया कि उस पर उत्तर प्रदेश के लखीमपुर-खीरी जिले के रहने वाले शाने आलम (21) और शादाब (25) ने हमला किया।

पुलिस के अनुसार, अजीम, शाने और शादाब एक ही इमारत में रहते थे और एक-दूसरे को जानते थे। उसने बताया कि चार चून को शाने ने पास से गुजर रही एक लड़की पर कथित तौर पर अभद्र टिप्पणी की, जिसका अजीम ने विरोध किया और दोनों पक्षों में झगड़ा शुरू हो गया।

एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने कहा, ह्लहालांकि, शाने के भाई और अजीम के मामा के हस्तक्षेप से मामला सुलझ गया। अधिकारी के मुताबिक, पांच जून को सुबह लगभग साढ़े आठ बजे जब अजीम अपनी इमारत की सीढि़यों से नीचे उतर रहा था, तब शादाब ने कथित तौर पर उसे पकड़ लिया, जबकि शाने ने अपनी जेब से धागा काटने वाला चाकू निकाला और उसके पेट के दाहिने हिस्से में घोंप दिया।

अधिकारी के अनुसार, अजीम का मामा महफूज अली उसे अस्पताल ले गया और डॉक्टरों को वारदात में इस्तेमाल चाकू सौंप दिया। उन्होंने बताया कि अजीम के बयान के आधार पर गांधी नगर पुलिस थाने में दोनों आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। अधिकारी ने बताया कि वारदात में इस्तेमाल चाकू जब्त कर लिया गया है और फरार आरोपियों को पकड़ने के प्रयास जारी हैं।

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By navabharat digital