बंगाल: दक्षिण 24 परगना में झड़प के संबंध में 40 लोग गिरफ्तार, हालात काबू में

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Thu, 12 Jun 2025 08:04 PM
बंगाल: दक्षिण 24 परगना में झड़प के संबंध में 40 लोग गिरफ्तार, हालात काबू में
ऑडियो सुनें

कोलकाता. पश्चिम बंगाल के दक्षिण 24 परगना जिले में दो समूहों के बीच हुई हिंसक झड़प के सिलसिले में 40 लोगों को गिरफ्तार किया गया है. एक अधिकारी ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी. अधिकारी ने बताया कि हिंसक झड़प में कई पुलिसकर्मी घायल हो गये और प्रशासन को निषेधाज्ञा लागू करने के लिए मजबूर होना पड़ा.

रवींद्रनगर थानाक्षेत्र के महेशतला में बुधवार को हुई यह घटना एक दुकान के निर्माण और सरकारी भूमि पर कथित अतिक्रमण को लेकर विवाद के बाद हुई. विवाद तेजी से हिंसा में बदल गया, जिसके परिणामस्वरूप तोड़फोड़ हुई और स्थिति को नियंत्रण में लाने के लिए अतिरिक्त बलों को तैनात किया गया.

पुलिस ने बताया, “कल (बुधवार को) दोपहर अवैध निर्माण और उसके परिणामस्वरूप बिना किसी अनुमति के सरकारी भूमि पर पौधारोपण व इस प्रक्रिया में एक मौजूदा दुकान को बदलने को लेकर रवींद्रनगर थानाक्षेत्र और नदियाल थाने के आस-पास के इलाकों में दो समूहों के बीच झड़प हुई. झड़प के दौरान पुलिस पर ईंट-पत्थर बरसाए गए और आस-पास के इलाकों में अलग-अलग जगहों पर तोड़फोड़ की गई.” पुलिस ने ‘आवश्यक बल प्रयोग किया और भीड़ को तितर-बितर’ किया. पुलिस ने बताया, “घटना के सिलसिले में दर्ज सात मामलों में अब तक कुल 40 लोगों को गिरफ्तार किया गया है. हिंसा में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा.” एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि स्थिति ‘अब शांत और नियंत्रण में है’.

पश्चिम बंगाल पुलिस ने ‘एक्स’ पर पोस्ट में बताया, “शांति बहाल करने के लिए रवींद्रनगर थानाक्षेत्र में भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस) की धारा 163 के तहत निषेधाज्ञा लागू कर दी गई है. सभी राजनीतिक दलों या समूहों के प्रतिनिधियों को सलाह दी जाती है कि वे 163 बीएनएसएस लागू होने तक क्षेत्र का दौरा न करें.” पुलिस ने बताया, “हम सभी से शांत रहने और सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाने वालों में शामिल न होने का आग्रह करते हैं. अशांति फैलाने की कोशिश करने वालों से कानून के अनुसार सख्ती से निपटा जाएगा.” इससे पहले डायमंड हार्बर जिला पुलिस ने बताया था कि रवींद्रनगर थानाक्षेत्र के महेशतला में स्थिति अब नियंत्रण में है.

पुलिस ने ‘एक्स’ पर बताया था, “झड़पों के सिलसिले में तीन मामले दर्ज कर अब तक 29 लोगों को गिरफ्तार किया गया है.” दक्षिण 24 परगना जिले के महेशतला में दुकान लगाने को लेकर हुए विवाद ने तेजी से उग्र रूप धारण कर लिया, जिससे इलाका संघर्ष के मैदान में तब्दील हो गया. कोलकाता के निकट रवींद्रनगर क्षेत्र में बुधवार को उस समय तनाव बढ़ गया,जब दो समूहों के बीच हिंसक झड़प ने व्यापक टकराव का रूप ले लिया. पुलिस ने बताया था कि इस हिंसक झड़प में पुलिसकर्मी सहित पांच लोग घायल हुए हैं. विपक्षी भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने कानून प्रवर्तन एजेंसियों पर विफल रहने का आरोप लगाते हुए संघर्षग्रस्त क्षेत्र में केंद्रीय बलों की तैनाती की मांग की जबकि सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) ने उस पर स्थानीय मुद्दे का राजनीतिकरण करने का आरोप लगाया था.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu