कील-मुंहासे त्वचा की आम समस्याएं हैं। हार्मोन, त्वचा में अतिरिक्त तेल और रोमछिद्र बंद होने जैसे कारणों से ये दिक्कत हो सकती हैं। दर्दनाक मुंहासे या निशान होने पर त्वचा रोग विशेषज्ञ से सलाह लेना जरूरी है।
कील-मुंहासे या चेहरे पर दाग धब्बे, त्वचा संबंधी ऐसी परेशानियां हैं जो लगभग हर उम्र के लोगों में देखी जा सकती है, हालांकि युवा इसके अधिक शिकार होते हैं। आमतौर पर पसीने, तेज धूप के कारण कील मुंहासों की दिक्कत बढ़ जाती है। इस तरह की दिक्कतों के लिए शरीर में पानी की कमी, त्वचा की साफ-सफाई न करने, केमिकल युक्त मेकअप का इस्तेमाल जैसे कई कारण भी जिम्मेदार हो सकते हैं।
बहुत से लोग त्वचा पर हुई इन दिक्कतों से छुटकारा पाने के लिए कई तरह के ब्यूटी प्रोडक्ट्स का इस्तेमाल करते हैं लेकिन कई बार ये आपके लिए और भी नुकसानदायक हो सकते हैं। इसलिए आप ब्यूटी प्रोडक्ट पर पैसा खर्च करने के बजाए इन घरेलू नुस्खों की मदद से कील मुंहासे से छुटकारा पा सकते हैं।
दिन में दो बार फेस वॉश से चेहरा साफ करें
दिनभर त्वचा पर पसीना, अतिरिक्त तेल और धूल जमा हो सकती है। इसलिए सुबह और रात को सोने से पहले हल्के क्लींजर से चेहरा साफ करना अच्छा रहता है। व्यायाम या ज्यादा पसीना आने के बाद भी चेहरे को अच्छे से साफ करें।
- ध्यान रखें कि बार-बार चेहरा धोना, जोर से रगड़ना या कठोर स्क्रब इस्तेमाल करना त्वचा में जलन पैदा कर सकता है और मुंहासों को बढ़ा सकता है।
- चेहरा साफ करने के लिए उंगलियों का इस्तेमाल करें और गुनगुने पानी से धोकर मुलायम तौलिए से थपथपाकर सुखाएं।
मॉइस्चराइजेशन का रखें ध्यान
- मॉइस्चराइजर हमारे त्वचा में नमी बरकरार रखने में मदद करते है। यदि आपकी त्वचा अधिक रूखी और बेजान हो जाती है तो रूखेपन को ठीक करने के लिए मॉइस्चराइजर का इस्तेमाल करना चाहिए। अधिक खुशबू और केमिकल युक्त मॉइस्चराइजर क्रीम आपके मुंहासे की समस्या को बढ़ा सकते हैं।
खूब पानी पिएं
- त्वचा की बेहतर देखभाल के लिए आपके लिए रोज खूब सारा पानी पीते रहना जरूरी है। पानी की कमी से आपकी त्वचा अधिक तैलीय हो सकती है, जो कि कील मुंहासे का कारण बनती है। शरीर को हाइड्रेट रखने के लिए दिन में 3 से 4 लीटर पानी पिएं। गर्मी के दिनों में, गर्भावस्था के दौरान, अधिक पसीना निकलने के बाद ज्यादा पानी पिएं।
कैमिकल युक्त मेकअप से बचें
चेहरे के दाग-धब्बे को छिपाने के लिए अधिक मेकअप का इस्तेमाल कील-मुंहासे को और अधिक बढ़ा सकती है। ऐसे में आप कैमिकल फ्री मेकअप प्रोडक्ट्स का प्रयोग कर सकते हैं। सोने से पहले मेकअप धोकर ही सोएं, मेकअप के साथ सोना आपके त्वचा के लिए नुकसानदायक हो सकता है।