औरैया: उत्तर प्रदेश के औरैया जिले में एक अनोखी प्रेम कहानी इन दिनों चर्चा में है। सहार ब्लॉक के अरियारी गांव निवासी 75 वर्षीय रामसुगर और 30 वर्षीय इंस्टाग्राम ब्लॉगर रानी राजपूत ने सगाई कर ली है। दोनों की सगाई का वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आने के बाद यह मामला लोगों के बीच चर्चा का विषय बन गया है।
परिवार के मुताबिक, दोनों के बीच जान-पहचान करीब दो साल पहले बढ़ी थी। धीरे-धीरे मुलाकातों का सिलसिला आगे बढ़ा और दोनों ने अपने रिश्ते को नया नाम देने का फैसला किया।
वीडियो शूटिंग के दौरान हुई थी मुलाकात
जानकारी के अनुसार, रानी राजपूत अक्सर रामसुगर के घर वीडियो शूटिंग के लिए आती थीं। रामसुगर की बेटी राधा भी यूट्यूबर हैं और रानी उनके साथ वीडियो बनाने के लिए उनके घर पहुंचती थीं। इसी दौरान रानी और रामसुगर की मुलाकातें बढ़ीं और दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ने लगीं।
रामसुगर के मुताबिक, रानी का उनके घर पिछले दो वर्षों से आना-जाना था। इसी दौरान दोनों के बीच रिश्ता मजबूत हुआ और उन्होंने साथ जीवन बिताने का फैसला किया।
सात साल पहले हुआ था पत्नी का निधन
बताया गया है कि रामसुगर की पत्नी का करीब सात वर्ष पहले निधन हो गया था। इसके बाद वह अकेले जीवन बिता रहे थे। अब रानी राजपूत के साथ उनके रिश्ते की खबर सामने आने के बाद यह प्रेम कहानी इलाके में चर्चा का विषय बन गई है।
ब्यूटी पार्लर में हुई सगाई, वीडियो वायरल
रामसुगर की बेटी राधा के अनुसार, करीब एक सप्ताह पहले औरैया के एक ब्यूटी पार्लर में रामसुगर और रानी राजपूत की सगाई हुई थी। सगाई का वीडियो इंस्टाग्राम पर साझा किए जाने के बाद तेजी से वायरल हो गया। इसके बाद दोनों के रिश्ते को लेकर सोशल मीडिया पर चर्चाएं शुरू हो गईं।
जल्द शादी करने की तैयारी
परिवार के मुताबिक, सगाई के बाद अब दोनों की शादी की तैयारियां की जा रही हैं। विवाह पूरे रीति-रिवाजों और परंपराओं के साथ संपन्न कराने की योजना है। हालांकि, शादी की निश्चित तारीख की जानकारी सामने नहीं आई है।
रामसुगर और रानी राजपूत की यह कहानी उम्र के अंतर के कारण लोगों का ध्यान खींच रही है। फिलहाल, दोनों की सगाई और आगामी शादी को लेकर औरैया तथा आसपास के क्षेत्रों में चर्चाएं जारी हैं।