गुजरात के पूर्व मुख्यमंत्री विजय रूपाणी की अहमदाबाद में विमान दुर्घटना में मौत

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Thu, 12 Jun 2025 09:23 PM
गुजरात के पूर्व मुख्यमंत्री विजय रूपाणी की अहमदाबाद में विमान दुर्घटना में मौत
ऑडियो सुनें

अहमदाबाद. गुजरात के पूर्व मुख्यमंत्री विजय रूपाणी की बृहस्पतिवार को एअर इंडिया विमान दुर्घटना में मौत हो गई. केंद्रीय मंत्री सी आर पाटिल ने यह जानकारी दी. इस विमान में उनके अलावा 241 अन्य लोग सवार थे. लंदन जा रहा एअर इंडिया का विमान बृहस्पतिवार दोपहर अहमदाबाद हवाई अड्डे से उड़ान भरने के कुछ ही मिनट बाद एक आवासीय इलाके में दुर्घटनाग्रस्त हो गया.

केंद्रीय जल शक्ति मंत्री और पार्टी की राज्य इकाई के प्रमुख पाटिल ने संवाददाताओं से कहा, ”यह बहुत दुखद घटना है. मेरी संवेदनाएं पीड़ितों और उनके परिवारों के साथ हैं. हमने दो बार मुख्यमंत्री रहे विजय रूपाणी को दुर्घटना में खो दिया है. यह भाजपा (भारतीय जनता पार्टी) परिवार के लिए बहुत दुखद खबर है.” रूपाणी (68) गुजरात विधानसभा चुनाव में राजकोट पश्चिम सीट से जीत हासिल करने के बाद सात अगस्त 2016 से 11 सितंबर 2021 तक दो कार्यकाल के लिए मुख्यमंत्री रहे. वह वर्तमान में भाजपा की पंजाब इकाई के प्रभारी थे. लंदन जा रही उड़ान एआई 171 में 169 भारतीय, 53 ब्रिटिश नागरिक, सात पुर्तगाली और एक कनाडाई नागरिक के अलावा दो पायलट और चालक दल के 10 सदस्य सवार थे.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu