ईंधन जलने से तापमान बहुत अधिक होने के कारण किसी को बचाने की गुंजाइश ही नहीं थी: शाह

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Thu, 12 Jun 2025 11:01 PM
ईंधन जलने से तापमान बहुत अधिक होने के कारण किसी को बचाने की गुंजाइश ही नहीं थी: शाह
ऑडियो सुनें

अहमदाबाद. केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने बृहस्पतिवार को कहा कि अहमदाबाद में दुर्घटनाग्रस्त हुए एअर इंडिया के विमान का तापमान ईंधन जलने के कारण इतना अधिक था कि किसी को बचा पाने की कोई गुंजाइश ही नहीं थी. शाह ने संवाददाताओं से कहा, ”विमान के अंदर 1.25 लाख लीटर ईंधन था. विमान गर्म हो गया था, इसलिए किसी को भी बचाने की गुंजाइश नहीं थी.” उन्होंने कहा कि इस त्रासदी के बाद पूरा देश गहरे सदमे में है. शाह ने दुर्घटना में मारे गए लोगों के परिजन के प्रति संवेदना व्यक्त की.

उन्होंने कहा, ”अधिकारी मृतकों की संख्या डीएनए की जांच और पीड़ितों की पहचान के बाद आधिकारिक तौर पर जारी करेंगे.” शाह ने कहा, ”अच्छी खबर यह है कि दुर्घटना में एक व्यक्ति बच गया है और मैं उससे मिलने के बाद यहां आया हूं.” उन्होंने कहा, ”विमान दुर्घटना में मारे गए लोगों के शवों से डीएनए नमूने एकत्र करने की प्रक्रिया पूरी हो गई है. फॉरेंसिक विज्ञान प्रयोगशाला और गुजरात में राष्ट्रीय फॉरेंसिक विज्ञान विश्वविद्यालय पीड़ितों के डीएनए की जांच करेंगे.” एअर इंडिया का लंदन जा रहा विमान बृहस्पतिवार दोपहर अहमदाबाद हवाई अड्डे से उड़ान भरने के कुछ ही मिनट बाद यहां एक मेडिकल कॉलेज परिसर में दुर्घटनाग्रस्त हो गया.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu