प्रधानमंत्री मोदी ने गुजरात के पूर्व मुख्यमंत्री विजय रूपाणी के परिजनों से मुलाकात की

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Fri, 13 Jun 2025 08:05 PM
प्रधानमंत्री मोदी ने गुजरात के पूर्व मुख्यमंत्री विजय रूपाणी के परिजनों से मुलाकात की
ऑडियो सुनें

अहमदाबाद. प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने एअर इंडिया विमान हादसे में मारे गये गुजरात के पूर्व मुख्यमंत्री विजय रूपाणी के परिजनों से शुक्रवार को यहां मुलाकात की और उन्हें (रूपाणी को) एक विनम्र और मेहनती नेता के रूप में याद किया. अड़सठ-वर्षीय रूपाणी एअर इंडिया की लंदन जा रही उड़ान के उन 241 यात्रियों में शामिल थे, जिनकी बृहस्पतिवार अपराह्न भीषण दुर्घटना में मृत्यु हो गई. मोदी ने अहमदाबाद में एअर इंडिया विमान दुर्घटना स्थल का दौरा किया तथा यहां सिविल अस्पताल में घायलों से मुलाकात की. इसके बाद उन्होंने शहर में रूपाणी के परिजनों से भी मुलाकात की.

मोदी ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर अपने पोस्ट में कहा, ” विजयभाई रूपाणी जी के परिवार से मुलाकात की. यह अकल्पनीय है कि विजयभाई हमारे बीच नहीं हैं. मैं उन्हें दशकों से जानता था. हमने कंधे से कंधा मिलाकर काम किया, जिसमें सबसे चुनौतीपूर्ण समय भी शामिल है.” उन्होंने लिखा, ”विजयभाई विनम्र और मेहनती थे, पार्टी की विचारधारा के प्रति पूरी तरह प्रतिबद्ध थे. जमीनी स्तर के कार्यकर्ता से सार्वजनिक जीवन में अपना करियर शुरू करते हुए वह संगठन में विभिन्न जिम्मेदारियों का निर्वहन करते हुए गुजरात के मुख्यमंत्री बने और पूरी लगन से काम किया.”

मोदी ने कहा, ”उन्हें जो भी भूमिका सौंपी गई, उसमें उत्कृष्ट कार्य किया. चाहे वह राजकोट नगर निगम में हों, राज्यसभा सदस्य के रूप में हो, भाजपा की गुजरात इकाई के अध्यक्ष के रूप में हो अथवा राज्य सरकार में कैबिनेट मंत्री के रूप में हो.” प्रधानमंत्री ने कहा, ”जब वह गुजरात के मुख्यमंत्री थे, तब भी मैंने और विजयभाई ने बड़े स्तर पर काम किया था. उन्होंने कई ऐसे कदम उठाए, जिससे गुजरात के विकास की गति बढ़ी, खासकर जीवन को आसान बनाने में. हमारे बीच हुई बातचीत हमेशा याद रहेगी. दुख की इस घड़ी में मेरी संवेदनाएं उनके परिवार और दोस्तों के साथ हैं. ओम शांति.”

प्रधानमंत्री ने पूर्व मुख्यमंत्री की पत्नी अंजलि रूपाणी और परिवार के अन्य सदस्यों से हवाई अड्डे के पास गुजसेल भवन में मुलाकात की. रूपाणी राजकोट पश्चिम सीट से गुजरात विधानसभा चुनाव जीतने के बाद सात अगस्त 2016 से 11 सितंबर 2021 तक दो कार्यकाल के लिए गुजरात के मुख्यमंत्री रहे. वह वर्तमान में पंजाब के लिए भाजपा के प्रभारी थे.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu