सेमीकंडक्टर परियोजनाओं के आवंटन में केंद्र की भूमिका पक्षपातपूर्ण: कांग्रेस

Author: navabharat digital
UPDATED: Thu, 14 Aug 2025 04:18 PM
सेमीकंडक्टर परियोजनाओं के आवंटन में केंद्र की भूमिका पक्षपातपूर्ण: कांग्रेस
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली: कांग्रेस ने बृहस्पतिवार को आरोप लगाया कि सेमीकंडक्टर परियोजनाओं को राज्यों को आवंटित करने में नरेन्द्र मोदी सरकार की भूमिका पक्षपातपूर्ण है। पार्टी महासचिव जयराम रमेश ने यह आरोप उस वक्त लगाया जब केंद्रीय मंत्रिमंडल ने बीते मंगलवार को ओडिशा, पंजाब और आंध्र प्रदेश में कुल 4,594 करोड़ रुपये के निवेश से चार सेमीकंडक्टर परियोजनाओं की स्थापना को मंजूरी दी।

रमेश ने ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, “मोदी सरकार ने देश में 4 सेमीकंडक्टर निर्माण परियोजनाओं को हरी झंडी दे दी है। विस्तृत तैयारी करने के बाद, एक अग्रणी निजी कंपनी ने तेलंगाना में एक परियोजना के लिए अपना आवेदन दिया था। इसे इस शर्त पर मंजूरी मिली कि वह आंध्र प्रदेश में स्थानांतरित हो।” उन्होंने दावा किया कि इससे पहले भी ऐसे ही स्थानांतरण जबरन कराए गए थे।

कांग्रेस नेता ने कहा, “दो सेमीकंडक्टर निर्माण परियोजनाओं को अपने प्रस्तावित स्थान को तेलंगाना से गुजरात स्थानांतरित करने के लिए मजबूर किया गया। इसी तरह, तमिलनाडु में प्रस्तावित एक और फैक्ट्री को मंजूरी इस शर्त पर मिली कि वह गुजरात में स्थानांतरित हो।”

उन्होंने कहा कि और कुछ कहने की ज़रूरत है क्या? रमेश ने कहा कि प्रधानमंत्री राज्यों के बीच प्रतिस्पर्धा की बात करते हैं, जो भारत को मज़बूत बनाएगी, लेकिन अगर ‘अंपायर’ ही इतनी खुली पक्षपातपूर्ण भूमिका निभाए, तो यह प्रतिस्पर्धा एक मजाक बन जाती है।

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By navabharat digital