
तिरुवनंतपुरम. कांग्रेस सांसद कोडिकुन्निल सुरेश ने बृहस्पतिवार को कहा कि पलक्कड़ के विधायक राहुल ममकूटाथिल के खिलाफ अपराध शाखा द्वारा दर्ज की गई प्राथमिकी एक ”झूठा मामला” है और यह अदालत में टिक नहीं पाएगा. मवेलिक्कारा से कांग्रेस सांसद ने यह भी सवाल उठाया कि जब विधायक के खिलाफ किसी ने कोई लिखित शिकायत नहीं की है, तो पुलिस या राज्य सरकार उनके खिलाफ मामला कैसे दर्ज कर सकती है.
उन्होंने यहां संवाददाताओं से कहा, ”यह बिना किसी शिकायत या सबूत के एक झूठा मामला है. यह अदालत में नहीं टिक पाएगा.” उन्होंने कहा कि ममकूटाथिल न्याय पाने के लिए कानूनी रूप से इस मामले का सामना करेंगे. केरल पुलिस ने बुधवार को ममकूटाथिल के खिलाफ महिलाओं का पीछा करने और सोशल मीडिया पर उन्हें परेशान करने सहित विभिन्न अपराधों के लिए मामला दर्ज किया.
भारतीय न्याय संहिता की धारा 78(2) (पीछा करना) और 351 (आपराधिक धमकी) तथा केरल पुलिस अधिनियम की धारा 120 (ओ) (किसी भी संचार माध्यम से, किसी भी व्यक्ति को बार-बार या अवांछनीय अथवा गुमनाम कॉल, पत्र, लेखन, संदेश, ईमेल या किसी संदेशवाहक के माध्यम से परेशान करना) के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई थी.
मलयालम अभिनेत्री रिनी ऐन जॉर्ज द्वारा एक राजनीतिक दल के एक युवा नेता पर दुर्व्यवहार का आरोप लगाने के बाद, ममकूटाथिल ने हाल में युवा कांग्रेस की केरल इकाई के अध्यक्ष पद से इस्तीफा दे दिया था. इसके विरोध में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) की युवा शाखा डेमोक्रेटिक यूथ फेडरेशन ऑफ इंडिया (डीवाईएफआई) ने प्रदर्शन किया था. वह पार्टी की आंतरिक जांच का भी सामना कर रहे हैं. इसके बाद, कई महिलाओं और एक ट्रांसजेंडर व्यक्ति ने भी इसी तरह के आरोप लगाये. विधायक और एक महिला के बीच कथित बातचीत के ऑडियो क्लिप सामने आने के बाद कांग्रेस ने उन्हें पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से निलंबित कर दिया.
संसदीय दल से ममकूटाथिल को हटाए जाने के बारे में कांग्रेस से कोई जानकारी नहीं: केरल विस अध्यक्ष
केरल विधानसभा अध्यक्ष ए. एन. शमसीर ने बृहस्पतिवार को कहा कि पलक्कड़ के विधायक राहुल ममकूटाथिल को संसदीय दल से हटाया गया है या नहीं, इस बारे में कांग्रेस पार्टी की ओर से कोई आधिकारिक सूचना नहीं मिली है. ममकूटाथिल पर ”महिलाओं का पीछा करने और यौन उत्पीड़न” करने के आरोप लगे हैं. शमसीर ने यह भी कहा कि 15 सितंबर से शुरू होने वाले विधानसभा सत्र से पहले ममकूटाथिल की ओर से छुट्टी का कोई आवेदन नहीं मिला है.
विधानसभा अध्यक्ष ने यहां संवाददाताओं से कहा, ”हमारे पास केवल उनके निलंबन की मीडिया रिपोर्ट है. हमें अब तक कांग्रेस की ओर से उन्हें (ममकूटाथिल को) संसदीय दल से हटाए जाने के संबंध में कोई सूचना नहीं मिली है.” उन्होंने बताया कि बुधवार को ही राज्य मंत्रिमंडल ने 15 सितंबर से विधानसभा सत्र आयोजित करने का निर्णय लिया था.
पलक्कड़ विधायक के खिलाफ दर्ज प्राथमिकी के बारे में शमसीर ने कहा कि उनके पास मौजूद जानकारी के अनुसार ममकूटाथिल को शुक्रवार या शनिवार को पुलिस के सामने पेश होने के लिए कहा गया है. उन्होंने कहा, ”अगर हमें हस्तक्षेप करने की जरूरत पड़ी, तो हम उचित कदम उठाएंगे.” केरल पुलिस ने बुधवार को ममकूटाथिल के खिलाफ महिलाओं का पीछा करने और सोशल मीडिया पर उन्हें परेशान करने सहित विभिन्न अपराधों के लिए मामला दर्ज किया.



