बलरामपुर में अचानक बाढ़ आने से चार लोगों की मौत, तीन लापता

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Wed, 03 Sep 2025 07:07 PM
बलरामपुर में अचानक बाढ़ आने से चार लोगों की मौत, तीन लापता
ऑडियो सुनें

बलरामपुर. छत्तीसगढ़ के बलरामपुर जिले में एक छोटे बांध का एक हिस्सा टूट जाने से अचानक आयी बाढ़ के चलते चार लोगों की मौत हो गई और तीन अन्य लापता हो गए. अधिकारियों ने बुधवार को यह जानकारी दी. उन्होंने बताया कि इस घटना में तीन अन्य घायल भी हुए हैं. बलरामपुर के जिलाधिकारी राजेंद्र कटारा ने बताया कि क्षेत्र में भारी बारिश के बाद धनेशपुर गांव में स्थित लुटी (सतबाहिनी) बांध में मंगलवार देर रात दरार आ गयी.

अधिकारियों ने बताया कि 1980 के दशक के प्रारंभ में निर्मित इस जलाशय में आई दरार के जरिये निकला पानी आसपास के घरों और खेतों में घुस गया. यहां अचानक बाढ़ आ गई. जिलाधिकारी ने बताया, ”एक महिला और उसकी सास समेत चार लोगों की उस समय मौत हो गई जब वे अपने घरों में सो रहे थे. तीन लोग अब भी लापता हैं और तलाश अभियान जारी है.” उन्होंने बताया कि सूचना मिलते ही जिला प्रशासन और पुलिस की टीम मौके पर पहुंच गईं.

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने इस घटना पर दुख व्यक्त किया है. उन्होंने एक बयान में कहा कि सरकार स्थिति पर नज.र रख रही है और प्रभावित परिवारों को हर संभव सहायता प्रदान करेगी. उन्होंने कहा कि इस घटना में कई मवेशियों की भी मौत हो गयी और मकान एवं फसलें क्षतिग्रस्त हो गईं. उन्होंने कहा कि प्रभावित परिवारों के लिए स्थिति बेहद पीड़ादायक है.

मुख्यमंत्री ने कहा कि जिला प्रशासन, राष्ट्रीय आपदा मोचन बल, राज्य आपदा मोचन बल और स्थानीय अधिकारी राहत एवं बचाव कार्य चला रहे हैं तथा घायलों के उपचार के लिए पर्याप्त व्यवस्था की गई है, जबकि लापता लोगों को ढूंढने के लिए हर संभव प्रयास किया जा रहा है.

उन्होंने जिला प्रशासन को मृतकों के परिजनों तथा अन्य प्रभावितों के लिए अनुग्रह सहायता स्वीकृत करने के लिए प्रस्ताव तैयार करने, नुकसान का सर्वेक्षण करने तथा प्रभावित परिवारों को अस्थायी आश्रय, खाद्यान्न और अन्य आवश्यक वस्तुएं उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu