
नयी दिल्ली. कांग्रेस नेता अभिषेक मनु सिंघवी ने रविवार को नोबेल शांति पुरस्कार नहीं मिलने पर अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप पर कटाक्ष करते हुए एक स्वघोषित ”घटिया मजाक” किया. सिंघवी ने ‘एक्स’ पर एक अस्वीकरण में लिखा, ”हल्के अंदाज में… उचित ‘घटिया मजाक पीजे’ की चेतावनी के साथ… लेकिन निश्चित रूप से मजाकिया.” उन्होंने वेनेजुएला की विपक्षी कार्यकर्ता मारिया कोरिना मचाडो के प्रतिष्ठित पुरस्कार जीतने का जिक्र करते हुए ‘एक्स’ पर कहा, ”ट्रंप: अगर मुझे नोबेल शांति पुरस्कार नहीं दिया, तो मैं दुनिया में तहलका मचा दूंगा… नोबेल समिति: मचा दो (मचाडो).” नोबेल शांति पुरस्कार की घोषणा शुक्रवार को की गई थी.
ट्रंप ने कहा था कि वह शांति पुरस्कार के हकदार हैं. उनका दावा है कि उन्होंने पहलगाम आतंकवादी हमले के बाद भारत-पाकिस्तान संघर्ष समेत दुनिया भर में कई युद्धों को रोका है. हालांकि, नॉर्वे की नोबेल समिति ने कहा कि वह मचाडो को ‘वेनेज.ुएला के लोगों के लिए लोकतांत्रिक अधिकारों को बढ़ावा देने के उनके अथक कार्य और तानाशाही से लोकतंत्र की दिशा में न्यायपूर्ण एवं शांतिपूर्ण तरीके से बढ़ने में उनके संघर्ष’ के लिए सम्मानित कर रही है. हालांकि, मचाडो ने कहा कि वह अपनी जीत को अपने देश के लोगों के साथ-साथ ट्रंप को सर्मिपत करना चाहती हैं. उन्होंने उनके उद्देश्य का समर्थन करने के लिए अमेरिकी राष्ट्रपति की प्रशंसा की.



