सामूहिक बलात्कार मामले पर TMC सांसद बोले- सतर्क रहें महिलाएं, पुलिस हर जगह नहीं हो सकती

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Mon, 13 Oct 2025 08:00 PM
सामूहिक बलात्कार मामले पर TMC सांसद बोले- सतर्क रहें महिलाएं, पुलिस हर जगह नहीं हो सकती

ऑडियो सुनें

कोलकाता. तृणमूल कांग्रेस के वरिष्ठ सांसद सौगत रॉय ने दुर्गापुर में एक मेडिकल छात्रा के साथ कथित तौर पर हुई सामूहिक बलात्कार की घटना पर टिप्पणी करते हुए सोमवार को कहा कि पुलिस हर जगह मौजूद नहीं हो सकती, ऐसे में महिलाओं को सावधानी बरतनी चाहिए.

इससे एक दिन पहले, इसी मामले पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री और तृणमूल कांग्रेस की प्रमुख ममता बनर्जी ने छात्राओं को देर रात घर से बाहर न निकलने की सलाह दी थी, जिसको लेकर उन्हें आलोचना का सामना करना पड़ा है.
कोलकाता में पत्रकारों से बात करते हुए, वरिष्ठ सांसद रॉय ने दावा किया कि राज्य में महिलाओं की सुरक्षा अन्य राज्यों की तुलना में बेहतर है.

रॉय ने कहा, “बंगाल में ऐसे मामले दुर्लभ हैं. बंगाल में महिलाओं की सुरक्षा किसी भी अन्य जगह से बेहतर है. लेकिन छात्राओं को इतनी देर रात अपने कॉलेज से नहीं निकलना चाहिए, क्योंकि पुलिस हर जगह गश्त नहीं कर सकती. पुलिस हर सड़क पर मौजूद नहीं हो सकती; घटना होने के बाद पुलिस कार्रवाई कर सकती है. इसलिए, महिलाओं को भी सतर्क रहना चाहिए.” उन्होंने कहा, ”मुख्यमंत्री ने जो कुछ कहा है, वह बिल्कुल सही है.” एक निजी मेडिकल कॉलेज के एमबीबीएस पाठ्यक्रम की द्वितीय वर्ष की 23 साल की छात्रा से 10 अक्टूबर की रात छात्रावास परिसर के पास कथित तौर पर सामूहिक बलात्कार किया गया.

पुलिस रिपोर्ट के अनुसार, ओडिशा की मूल निवासी पीड़िता अपने एक दोस्त के साथ रात का खाना खाकर लौट रही थी, तभी कोलकाता से लगभग 170 किलोमीटर दूर औद्योगिक क्षेत्र के शोभापुर के पास तीन लोगों ने उसे घेर लिया. पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने कथित तौर पर उसका फोन छीन लिया, उसे खींचकर एक जंगली इलाके में ले गए और फिर उससे दुष्कर्म किया.

इससे पहले इस मामले पर मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने कहा था, “मैं इस घटना को देखकर स्तब्ध हूं, लेकिन निजी मेडिकल कॉलेजों को भी अपने छात्रों, खासकर लड़कियों का ध्यान रखना चाहिए. उन्हें रात में बाहर जाने की अनुमति नहीं दी जानी चाहिए.” विपक्षी भाजपा और कांग्रेस ने इस बयान की तीखी आलोचना की, जिसके बाद बनर्जी ने कहा कि उनकी टिप्पणी को सही संदर्भ में नहीं लिया गया.
उन्होंने रविवार शाम अलीपुरद्वार में पत्रकारों से कहा, “कोलकाता हवाई अड्डे पर मैंने जो संबोधन दिया था, उसे जानबूझकर तोड़-मरोड़ कर पेश किया गया है.”

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu

नवभारत समाचार के वरिष्ठ पत्रकार एवं स्तंभकार। निष्पक्ष पत्रकारिता एवं ताज़ा घटनाओं पर विस्तृत रिपोर्टिंग।