ईसाई स्कूल मुस्लिम लड़की को हिजाब के साथ में कक्षा में बैठने की अनुमति दे: केरल के मंत्री शिवनकुट्टी

केरल के एक स्कूल में हिजाब विवाद खत्म होने के आसार, छात्रा के पिता नियम पालन करने को तैयार: हिबी ईडन

तिरुवनंतपुरम/कोच्चि. केरल के सामान्य शिक्षा मंत्री वी. शिवनकुट्टी ने मंगलवार को कोच्चि में ईसाई संस्थान द्वारा संचालित एक निजी स्कूल को निर्देश दिया कि वह वहां प­ढ़ने वाली एक मुस्लिम लड़की को हिजाब पहनकर शिक्षा जारी रखने की अनुमति दे.
मंत्री ने स्कूल के प्रधानाचार्य और प्रबंधन को निर्देश दिया कि वे छात्रा और उसके अभिभावकों को संस्थान में ‘हिजाब’ पहनने के कारण होने वाली मानसिक परेशानी का भी समाधान करें.

शिवनकुट्टी के कार्यालय द्वारा जारी एक बयान में कहा गया कि उन्हें बुधवार पूर्वाह्न 11 बजे तक इस संबंध में एक रिपोर्ट सौंपने का निर्देश दिया गया है. शिवनकुट्टी ने बयान में जोर देकर कहा कि धर्मनिरपेक्ष मूल्यों को कायम रखने वाले केरल में किसी भी छात्रा के सामने ऐसी कठिनाई पेश नहीं आनी चाहिए.

उन्होंने कहा कि किसी भी शैक्षणिक संस्थान को संवैधानिक अधिकारों का उल्लंघन करने की अनुमति नहीं दी जाएगी. मंत्री का यह निर्देश एर्णाकुलम के शिक्षा उपनिदेशक द्वारा प्रस्तुत रिपोर्ट के बाद आया, जिसमें कहा गया था कि स्कूल प्राधिकारियों की ओर से गंभीर चूक हुई है. उप निदेशक ने अपनी रिपोर्ट में कहा कि छात्रा को हिजाब की वजह से कक्षा में बैठने नहीं देना गंभीर कदाचार और शिक्षा के अधिकार अधिनियम का उल्लंघन है.

केरल के एक स्कूल में हिजाब विवाद खत्म होने के आसार, छात्रा के पिता नियम पालन करने को तैयार: हिबी ईडन

केरल के एक ईसाई-संचालित निजी स्कूल में हिजाब विवाद सुलझता दिख रहा है. एर्नाकुलम के सांसद हिबी ईडन ने मंगलवार को बताया कि छात्रा के पिता ने अपनी बेटी को स्कूल के नियमों के अनुसार प­ढ़ाई जारी रखने देने की इच्छा जताई है. पल्लुरुथी स्थित सेंट रीटा पब्लिक स्कूल के पदाधिकारियों को सोमवार को आठवीं कक्षा की एक छात्रा के हिजाब पहनने को लेकर उसके माता-पिता के साथ विवाद ब­ढ़ने के बाद दो दिन की छुट्टी घोषित करनी पड़ी.

ईडन ने यहां संवाददाताओं से कहा, ”बच्ची के पिता अनस ने संस्थान के नियमों के अनुसार अपनी बेटी की शिक्षा उसी स्कूल में जारी रखने की इच्छा व्यक्त की है.” सांसद ने बताया कि पिता ने मंगलवार को ईडन और अन्य कांग्रेस नेताओं की मौजूदगी में स्कूल अधिकारियों के साथ बातचीत के दौरान अपना फैसला सुनाया.

छात्रा के पिता के फैसले की सराहना करते हुए ईडन ने कहा, ”यह अपने आप में उस सांप्रदायिक सद्भाव का सबसे मजबूत संदेश है, जो हमारा समाज दे सकता है.” स्कूल प्रशासन ने अभी तक इस घटनाक्रम पर कोई प्रतिक्रिया नहीं दी है. ईडन ने ‘पीटीआई-भाषा’ से बात करते हुए भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) पर आरोप लगाया कि वे इस मुद्दे को लेकर स्कूल के बहाने ”सांप्रदायिक विभाजन पैदा करने की कोशिश” कर रहे हैं. कांग्रेस सांसद ने कहा, ”उन्होंने (भाजपा एवं संघ ने) मामले को ब­ढ़ाने की कोशिश की.” पार्टी सूत्रों ने बताया कि मामला सांप्रदायिक मोड़ लेने वाला था, तभी जिला नेतृत्व ने हस्तक्षेप किया. पार्टी के वरिष्ठ नेता डोमिनिक प्रेजेंटेशन और जिला कांग्रेस कमेटी (डीसीसी) अध्यक्ष मुहम्मद शियास ने सोमवार शाम को अभिभावकों से बात की.

उन्होंने बताया कि बाद में उन्होंने ईडन और अन्य कांग्रेस नेताओं की मौजूदगी में स्कूल प्रशासन तथा अभिभावकों के साथ विचार विमर्श किया. हालांकि, स्कूल की प्रधानाचार्य इस चर्चा का हिस्सा नहीं थीं. स्कूल पीटीए के एक पदाधिकारी ने सोमवार को आरोप लगाया था कि अभिभावकों को इस्लाम समर्थक राजनीतिक संगठन ‘सोशल डेमोक्रेटिक पार्टी ऑफ इंडिया’ (एसडीपीआई) का समर्थन प्राप्त था और उसके सदस्यों ने स्कूल पदाधिकारियों के साथ दुर्व्यवहार किया. स्कूल पदाधिकारियों में अधिकतर नन हैं.

यह मामला तब प्रकाश में आया जब स्कूल की प्रधानाचार्य सिस्टर हेलेना एल्बी द्वारा सोमवार और मंगलवार को छुट्टियों की घोषणा वाला एक पत्र सोशल मीडिया पर सामने आया. प्रधानाचार्य ने पत्र में कहा कि बिना निर्धारित पोशाक (पोशाक) के आई एक छात्रा, उसके माता-पिता एवं स्कूल से असंबद्ध व्यक्तियों के दबाव में कुछ छात्रों और कर्मचारियों ने मानसिक तनाव का हवाला देते हुए छुट्टी मांगी.
पत्र में कहा गया है कि परिणामस्वरूप, अभिभावक-शिक्षक संघ (पीटीए) के कार्यकारी सदस्यों से परामर्श के बाद 13 और 14 अक्टूबर को छुट्टियां घोषित करने का निर्णय लिया गया.

सामान्य शिक्षा मंत्री वी. शिवनकुट्टी ने कहा था कि निर्धारित स्कूल पोशाक में बदलाव की अनुमति नहीं दी जाएगी और यह पोशाक सभी छात्रों पर समान रूप से लागू होती है. भाजपा नेता शॉन जॉर्ज ने सोमवार को स्कूल का दौरा किया और शाम को प्रबंधन से मुलाकात की. उन्होंने कहा, ”हमने चर्च और यहां की नन के प्रति अपना समर्थन व्यक्त किया है. भाजपा स्कूल के सुचारू संचालन के लिए कानूनी और राजनीतिक समर्थन सुनिश्चित करेगी.”

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button