ओडिशा में दिवाली समारोह के दौरान दो लोगों की मौत, कई घायल

भुवनेश्वर. ओडिशा में काली पूजा और दिवाली समारोह के दौरान कम से कम दो लोगों की मौत हो गई जबकि कई अन्य लोग झुलस गए. पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी. पुरी जिले के बिरगोविंदपुर गांव में सोमवार रात को मां दखिना काली मंदिर के पास बिजली के एक तार के संपर्क में आने से दो श्रद्धालुओं (एक पुरुष और एक महिला) की कथित तौर पर मौत हो गई.

अधिकारियों ने बताया कि दोनों को सखीगोपाल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया. पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है, जबकि मृतकों की पहचान के प्रयास जारी हैं. एक अन्य घटना में कटक शहर में पटाखा विस्फोट में दो युवक घायल हो गए. उनकी पहचान रामचंद्र पाधी (21) और सम्पद परिदा (30) के रूप में हुई है.

पुलिस के अनुसार दोनों पटाखे लेकर स्कूटर पर जा रहे थे लेकिन चौलियागंज थाना अंतर्गत अपर्णानगर के निकट अचानक पास में आयोजित एक समारोह में आतिशबाजी के दौरान निकली चिंगारी दुर्योग से स्कूटर पर गिर गई. इससे स्कूटर में रखे पटाखों में आग लग गई और विस्फोट हो गया.

उन्होंने बताया कि दोनों पीड़ित 30 से 40 प्रतिशत तक झुलस गए और उन्हें इलाज के लिए कटक के एससीबी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल ले जाया गया. एक अन्य घटना में क्योंझर जिले के अंबागड़िया गांव में पटाखों के कारण लगी आग में तीन घर जलकर खाक हो गए.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button