शराब के नशे में पिता ने बेटी को कुएं में लटकाया, हाथ छूटा और मौत

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Thu, 23 Oct 2025 10:44 PM
शराब के नशे में पिता ने बेटी को कुएं में लटकाया, हाथ छूटा और मौत
ऑडियो सुनें

सीतापुर/कोटद्वार. जिले के मिसरिख पुलिस थाने के जगन्नाथपुर गांव में शराब के नशे में एक पिता ने अपनी 11 साल की बेटी को कुएं में लटकाकर डराने की कोशिश की, लेकिन हाथ छूट गया और गिरने से बच्ची की मौत हो गई. यह घटना 21 अक्टूबर की देर रात मिसरिख पुलिस थाने के जगन्नाथपुर गांव में हुई.

थाना प्रभारी अरविंद सिंह ने बृहस्पतिवार को बताया, “आरोपी श्रवण कुमार शराब का आदी है. वह नशे में घर आया और अपनी बेटी लक्ष्मी से खाना मांगा. जब उसने कहा कि खाना तैयार नहीं है, तो वह गुस्से में आ गया और उसे डराने के लिए कुएं में लटकाने की कोशिश की.” सिंह ने आगे कहा, “उसका हाथ छूट गया और बेटी कुएं में गिर गई. यह देखकर, पिता उसे बचाने के लिए कूदा, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी.” पड़ोसियों ने रस्सी का इस्तेमाल करके दोनों को बाहर निकाला, लेकिन लड़की की मौत हो चुकी थी.
उन्होंने बताया कि पुलिस ने गैर-इरादतन हत्या का मामला दर्ज कर श्रवण को गिरफ्तार कर लिया है. अधिकारी ने कहा, “श्रवण की पत्नी की छह साल पहले मौत हो गई थी. उसके बाद, उसे शराब की लत लग गई और वह अक्सर घर में हंगामा करता था.

नेपाली मूल के श्रमिक ने तीन माह के बच्चे को फेंककर खुद भी खाई में लगायी छलांग, दोनों की मौत

उत्तराखंड के पौड़ी जिले में नेपाली मूल के एक श्रमिक ने कथित तौर पर शराब के नशे में अपने पुत्र को खाई में फेंकने के बाद स्वयं भी छलांग लगाकर आत्महत्या कर ली. अधिकारियों ने बताया कि लैंसडाउन क्षेत्र के डबोली गांव में तीस वर्षीय ललित ने इस घटना को मंगलवार को अंजाम दिया.

प्राप्त जानकारी के मुताबिक, ललित शराब पीने का आदी थी और मंगलवार शाम को उसका अपनी पत्नी कमला से किसी बात को लेकर झगड़ा हुआ जिसके बाद कमला अपने तीन माह के बच्चे को लेकर अपने गांव वापस जाने की बात कहकर अपने कमरे से बाहर निकली.

अधिकारियों का कहना है कि इसी दौरान गुस्से में आकर ललित ने कमला की गोद से बच्चे को छीन कर वहीं सड़क से नीचे खाई में फेंक दिया. इस घटना के बाद पति-पत्नी ने अपने बच्चे को ढूंढने का बहुत प्रयास किया लेकिन वह नहीं मिला. इससे क्षुब्ध होकर होकर ललित ने भी खाई में छलांग मार दी.

अधिकारियों के मुताबिक घटना के बाद कमला ने आवाज देकर ग्रामीणों को मदद के लिए बुलाया जिन्होंने काफी खोजबीन के बाद खाई से बच्चे के शव और ललित को घायल अवस्था में निकाला. ग्रामीण ललित को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले गये जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. कमला के भाई प्रकाश ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि ललित और कमला ने प्रेम विवाह किया था लेकिन शराब के नशे में ललित रोज कमला से मारपीट करता था.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu