अस्पताल के इमरजेंसी कक्ष में बजी शहनाई, शेरोन ने अवनी संग रचायी शादी

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Fri, 21 Nov 2025 09:08 PM
अस्पताल के इमरजेंसी कक्ष में बजी शहनाई, शेरोन ने अवनी संग रचायी शादी

ऑडियो सुनें

कोच्चि. केरल के कोच्चि में एक निजी अस्पताल के आपातकालीन कक्ष (इमरजेंसी रूम) में एक अद्भुत नजारा देखने को मिला. थुंबोली निवासी शेरोन सड़क दुर्घटना में घायल हुई और आपातकालीन कक्ष में भर्ती अपनी दुल्हन अवनी के साथ शादी के बंधन में बंध गए.
अलप्पुझा के कोम्मादि की रहने वाली अवनी और थुंबोली निवासी वी एम शेरोन का विवाह कोच्चि स्थित वीपीएस लेकशोर अस्पताल में हुआ. अस्पताल के अनुसार, विवाह शुक्रवार दोपहर थुंबोली में होने वाला था.

दुल्हन अवनी मेकअप के लिए कुमाराकोम जा रही थी कि वह एक सड़क दुर्घटना में घायल हो गई. यह हादसा शुक्रवार सुबह हुआ. अवनी जिस कार से मेकअप कराने के लिए जा रही थी वह अनियंत्रित होकर एक पेड़ से जा टकराई. दुर्घटना के बाद, स्थानीय निवासियों ने घायल अवनी को तुरंत कोट्टायम मेडिकल कॉलेज पहुंचाया गया लेकिन रीढ़ की हड्डी में चोट लगने के कारण उसे विशेष उपचार के लिए एर्नाकुलम के निजी अस्पताल में स्थानांतरित कर दिया गया. हादसे के तुरंत बाद, शेरोन और उसका परिवार भी जल्द ही अस्पताल पहुंच गया.

विवाह का मुर्हूत दोपहर 12.15 बजे से 12.30 बजे के बीच था . इसलिए दोनों परिवारों ने अस्पताल प्रशासन से अपील की कि तय समय पर ही विवाह संपन्न कराया जाए. इसके बाद अस्पताल प्रशासन ने विवाह के लिए व्यवस्था करायी और डॉक्टरों, नर्सों तथा दोनों पक्षों के करीबी संबंधियों की मौजूदगी में शेरोन ने तय मुर्हूत में अवनी के साथ शादी रचायी. न्यूरो सर्जरी विभाग के प्रमुख डॉ. सुधीश करुणाकरन ने बताया कि अवनी को रीढ़ की हड्डी में चोट लगी है और जल्द ही उसकी सर्जरी की जाएगी.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu