अयोध्या में राम मंदिर पर भगवा झंडा फहराएंगे प्रधानमंत्री मोदी

Author: navabharat digital
UPDATED: Mon, 24 Nov 2025 02:02 PM
अयोध्या में राम मंदिर पर भगवा झंडा फहराएंगे प्रधानमंत्री मोदी
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली/अयोध्या: प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी मंगलवार को अयोध्या का दौरा करेंगे और श्री राम जन्मभूमि मंदिर के शिखर पर भगवा ध्वज फहराएंगे, जो इसके निर्माण के पूरा होने का प्रतीक होगा। प्रधानमंत्री कार्यालय (पीएमओ) के एक बयान में कहा गया है कि समकोण त्रिभुजाकार ध्वज की ऊंचाई 10 फुट और लंबाई 20 फुट है। इस पर एक दीप्तिमान सूर्य की तस्वीर है जो भगवान राम के तेज और वीरता का प्रतीक है। इस पर ‘ॐ’ अंकित है और कोविदार वृक्ष की तस्वीर भी है।

पीएमओ ने कहा कि पवित्र भगवा ध्वज गरिमा, एकता और सांस्कृतिक निरंतरता का संदेश देगा और राम राज्य के आदर्शों का प्रतीक होगा। उसने कहा कि यह ध्वज पारंपरिक उत्तर भारतीय नागर वास्तुशैली में निर्मित ‘शिखर’ के शीर्ष पर फहराया जाएगा, जबकि इसके चारों ओर 800 मीटर लंबा परकोटा दक्षिण भारतीय वास्तुशैली में डिजाइन किया गया है, जो मंदिर की वास्तुशिल्प विविधता को दर्शाता है।

प्रधानमंत्री मोदी अयोध्या में अपने प्रवास के दौरान सप्तमंदिर जाएंगे, जहां मर्हिष वशिष्ठ, मर्हिष विश्वामित्र, मर्हिष अगस्त्य, मर्हिष वाल्मीकि, देवी अहिल्या, निषादराज गुहा और माता शबरी से जुड़े मंदिर हैं। इसके बाद वे शेषावतार मंदिर जाएंगे। बयान में कहा गया है कि वह माता अन्नपूर्णा मंदिर भी जाएंगे और राम दरबार गर्भ गृह में दर्शन और पूजन करेंगे, जिसके बाद वह रामलला गर्भ गृह में दर्शन करेंगे।

पीएमओ के एक बयान में कहा गया है कि दोपहर करीब 12 बजे, प्रधानमंत्री मोदी अयोध्या में पवित्र श्री राम जन्मभूमि मंदिर के ‘शिखर’ पर भगवा ध्वज फहराएंगे, जो मंदिर के निर्माण के पूरा होने और सांस्कृतिक उत्सव और राष्ट्रीय एकता के एक नये अध्याय की शुरूआत का प्रतीक होगा।

इस मौके पर प्रधानमंत्री भी लोगों को संबोधित करेंगे। पीएमओ के बयान में कहा गया है, “यह कार्यक्रम मार्गशीर्ष महीने के शुक्ल पक्ष की शुभ पंचमी तिथि को होगा, जब श्री राम और मां सीता की विवाह पंचमी का अभिजीत मुहूर्त भी है।” पीएमओ के बयान के अनुसार, यह तिथि नौवें सिख गुरु, गुरु तेग बहादुर जी, के शहादत दिवस के साथ भी मेल खाती है, जिन्होंने 17वीं सदी में अयोध्या में लगातार 48 घंटे ध्यान लगाया था। इससे इस दिन का आध्यात्मिक महत्व और बढ़ जाता है।

पीएमओ के बयान के अनुसार, मंदिर परिसर में मुख्य मंदिर की बाहरी दीवारों पर वाल्मीकि रामायण के आधार पर भगवान राम के जीवन से जुड़ी घटनाओं को दर्शाती 87 जटिल नक्काशी पत्थर पर उकेरी गई हैं। इसके अनुसार साथ ही घेरे की दीवारों पर भारतीय संस्कृति के 79 कांस्य-निर्मित दृश्य हैं। बयान के अनुसार, ये सभी तत्व मिलकर सभी आगंतुकों के लिए एक सार्थक और शैक्षिक अनुभव प्रदान करते हैं, जो भगवान राम के जीवन और भारत की सांस्कृतिक विरासत की गहरी समझ देते हैं।

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By navabharat digital