बीजद सांसद ने पार्टी में ‘नौकरशाही की शैली’ में नियुक्त का आरोप लगाया, पद लेने से किया इनकार

भुवनेश्वर. बीजू जनता दल (बीजद) के राज्यसभा सदस्य देबाशीष सामंतराय ने पार्टी के वरिष्ठ नागरिक प्रकोष्ठ का ‘उपाध्यक्ष दर्जे का’ पद लेने से मना कर दिया है और इसे ‘नौकरशाही शैली’ में नियुक्ति बताकर इस पर आपत्ति दर्ज कराई है. बीजद अध्यक्ष नवीन पटनायक को सोमवार को लिखे एक पत्र में सामंतराय ने कहा, ”मैं यह समझ नहीं पा रहा हूं कि उपाध्यक्ष दर्जे के पद का असल में क्या मतलब है. इसमें नौकरशाही नजर आने के अलावा, ऐसा पद अपमानजनक है. मुझे शक है कि महान बीजू बाबू या आपके निष्ठावान नेताओं के लिए शायद ही कोई जगह बची है, जो आपके लंबे और शानदार राजनीतिक करियर में आपके पीछे चट्टान की तरह खड़े रहे हैं.” सामंतराय ने कहा कि बीजद ने अब एक नई सोच, विचारधारा और कार्यशैली को अपना लिया है जो पार्टी संस्थापक बीजू पटनायक की उस विरासत से अलग है जिसकी आप (नवीन पटनायक) मिसाल हैं.

उन्होंने कहा कि पार्टी और उसके अध्यक्ष के प्रति पक्की निष्ठा के बावजूद वह काफी निराश महसूस कर रहे हैं. उन्होंने पत्र में कहा, ”सिर्फ मेरे लिए ही नहीं, बल्कि बीजद के हजारों कार्यकर्ताओं के लिए, आप अब भी भविष्य के लिए हमारी एकमात्र उम्मीद हैं. मुझे यकीन है कि आपके नेतृत्व में, हम अपने राज्य के लाखों लोगों का विश्वास फिर से हासिल करेंगे.” सामंतराय उन 10 वरिष्ठ नेताओं में हैं जिन्हें ”इन द रैंक” (के दर्जे में) के टैग के साथ वरिष्ठ उपाध्यक्ष, उपाध्यक्ष और वरिष्ठ महासचिव नियुक्त किया गया था.
बीजद ने अभी तक सामंतराय के रुख पर कोई प्रतिक्रिया नहीं दी है.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button