
तिरुवनंतपुरम. कांग्रेस के निलंबित विधायक राहुल ममकूटाथिल के खिलाफ यौन उत्पीड़न मामले में शिकायतकर्ता को बदनाम करने के आरोप में कार्यकर्ता राहुल ईश्वर के खिलाफ रविवार को एक मामला दर्ज किया गया और पूछताछ की गई. यह जानकारी पुलिस ने दी.
तिरुवनंतपुरम साइबर पुलिस ने एक महिला द्वारा शिकायत दर्ज कराने के बाद जांच शुरू की, जिसमें कहा गया था कि उसे ऑनलाइन बदनाम किया जा रहा है और एक साइबर अभियान के तहत उसकी तस्वीरें प्रसारित की जा रही हैं. पुलिस अधिकारियों ने बताया कि महिला की शिकायत के आधार पर रविवार को एक मामला दर्ज किया गया और राहुल ईश्वर को पूछताछ के लिए पेश होने का निर्देश देते हुए एक नोटिस जारी किया गया.
अधिकारी शाम करीब पांच बजे ईश्वर के आवास पर पहुंचे और उन्हें तुरंत पेश होने का नोटिस दिया. ईश्वर अपनी पत्नी और एक पुलिसकर्मी के साथ पूछताछ के लिए तिरुवनंतपुरम स्थित सशस्त्र रिजर्व पुलिस शिविर पहुंचे. पुलिस ने कहा कि पूछताछ और जांच के दौरान मिले सबूतों के आधार पर गिरफ्तारी का फैसला लिया जाएगा. पुलिस ने बताया कि महिला को बदनाम करने वाले कथित पोस्ट की पुष्टि के लिए ईश्वर के सोशल मीडिया अकाउंट की जांच की जा रही है. ईश्वर ने आरोप सामने आने के बाद से ममकूट्टाथिल का सार्वजनिक रूप से समर्थन किया है और विधायक को निर्दोष बताया है.



