
नयी दिल्ली. कांग्रेस ने बुधवार को भारतीय जनता पार्टी पर ‘भारतीय जासूस पार्टी’ होने का आरोप लगाया और दावा किया कि ‘संचार साथी’ ऐप लोगों के घरों में घुसने का षडयंत्र है. पार्टी के मीडिया विभाग के प्रमुख पवन खेड़ा ने यह दावा भी किया कि संचार मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने भले ही ऐप से जुड़े दावों से इनकार किया हो लेकिन संबंधित निर्देश को अब तक लिखित रूप से वापस नहीं लिया गया है.
बताया जाता है कि दूरसंचार विभाग ने मोबाइल हैंडसेट विनिर्माताओं और आयातकों को यह सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है कि सभी नये मोबाइल उपकरणों में धोखाधड़ी की सूचना देने वाला ऐप ‘संचार साथी’ पहले से मौजूद होना चाहिए. संचार मंत्री सिंधिया ने मंगलवार को स्पष्ट किया कि उपभोक्ता चाहें तो इस ऐप को मोबाइल से हटा सकते हैं और पंजीकरण न किए जाने तक यह सक्रिय नहीं होगा.
खेड़ा ने किसी का नाम लिए बिना संवाददाताओं से कहा, ”देश में दो जासूस हैं. इन दोनों जासूसों ने 2014 में नारा दिया था: घर-घर मोदी. ये दोनों जासूस आज सिर्फ इसी नारे पर अमल कर रहे हैं. अब ये दोनों जासूस हर मोबाइल में ‘संचार साथी’ नाम का हाथी बैठाना चाहते हैं. क्योंकि, जासूसी करना इन लोगों की पुरानी आदत रही है.” उन्होंने कटाक्ष करते हुए सवाल किया कि इस सरकार को बेडरूम में घुसने की आदत क्यों है? उन्होंने कहा, ”मोदी सरकार का लिखित आदेश है कि अब हर मोबाइल में ‘संचार साथी’ नाम का ऐप प्री-लोडेड होगा. मगर संचार मंत्री मौखिक तौर पर कह रहे हैं कि ये ऐप ‘डिसेबल’ हो सकता है.’
खेड़ा ने दावा किया कि ‘भारतीय जासूस पार्टी’ की कथनी और करनी में हमेशा अंतर रहा है. उन्होंने कहा कि यह सरकार सुरक्षा का बहाना बनाकर निजता पर निशाना साधना चाहती है.” उन्होंने कटाक्ष करते हुए कहा कि ”महाराजा” (सिंधिया) ने मौखिक रूप से स्पष्टीकरण दिया है, लेकिन अभी तक यह आदेश लिखित रूप से वापस नहीं लिया गया है. खेड़ा ने कहा कि पेगागस स्पाईवेयर को पीछे के दरवाजे से इस्तेमाल किया गया, लेकिन ‘संचार साथी’ का उपयोग सीधे कानूनी रूप से लागू करने का प्रयास किया जा रहा है. उन्होंने कहा, ”इस षड्यंत्र के खिलाफ हर स्तर पर लड़ाई लड़ेंगे और जनता की निजता का हनन नहीं होने देंगे.”



