पालतू कुत्ते को लेकर विवाद, तीन घायल

Author: Nandkishoryadav
UPDATED: Mon, 04 Jul 2022 02:00 PM
पालतू कुत्ते को लेकर विवाद, तीन घायल
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली: दिल्ली के पश्चिम विहार इलाके में एक पालतू कुत्ते को लेकर हुए झगड़े में पड़ोसी ने लोहे के पाइप से कथित तौर पर हमला कर तीन लोगों को घायल कर दिया। पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी। उन्होंने कहा कि यह सब उस वक्त शुरू हुआ जब परिवार का एक पालतू कुत्ता व्यक्ति पर भौंकने लगा, जिसके बाद व्यक्ति ने कुत्ते पर हमला कर दिया।

पुलिस के अनुसार, रविवार की सुबह धर्मवीर दहिया नामक व्यक्ति कुछ आवारा कुत्तों के साथ सड़क पर टहल रहा था तभी पश्चिम विहार के ब्लॉक-ए निवासी का एक पालतू कुत्ता उस पर भौंकने लगा। अचानक दहिया ने कुत्ते की पूंछ पकड़ कर उसे दूर फेंक दिया।
कुत्ते का मालिक 25 साल का रक्षित अपने कुत्ते को बचाने आया लेकिन दहिया ने कुत्ते पर फिर हमला किया, लेकिन कुत्ते ने दहिया को काट लिया। इससे दहिया और रक्षित के बीच मामूली धक्का-मुक्की हो गई।

पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि कुछ देर बाद दहिया लोहे का पाइप लेकर मौके पर वापस आया और कुत्ते के सिर पर वार कर दिया। उसने एक अन्य पड़ोसी 53 वर्षीय हेमंत और रक्षित को भी पाइप से मारा। अधिकारी ने बताया कि बाद में दहिया हमले में इस्तेमाल पाइप को वापस लेने के लिए रक्षित के घर में घुस गया और इस प्रक्रिया में उसने 45 साल की रेणु नामक महिला को भी मारा।

उन्होंने कहा कि सभी घायलों की चिकित्सा जांच की गई है, जबकि दहिया कुत्ते के काटने के कारण पार्क अस्पताल, ख्याला पहुंचा।
पुलिस उपायुक्त (बाहरी) समीर शर्मा ने बताया कि रक्षित के बयान के आधार पर पश्चिम विहार पूर्व पुलिस थाने में भारतीय दंड संहिता की धारा 308 (गैर इरादतन हत्या का प्रयास), 323 (जानबूझ कर चोट पहुंचाना), 341 (गलत तरीके से रोकना), 451 (जबरन घर में घुसना) और पशु क्रूरता निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है। उन्होंने कहा कि मामले की जांच जारी है और तथ्यों की प्रमाणिकता देखी जा रही है।

Join Our WhatsApp Channel G Prefer Navabharat News on Google

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Nandkishoryadav