सपने देख रही भाजपा, तमिलनाडु की राजनीति में उसके लिए कोई जगह नहीं: कनिमोई

तमिलनाडु शराब की गिरफ्त में, महिलाओं के खिलाफ हिंसक अपराध में बढ़ोतरी: तमिलनाडु भाजपा

तिरुपुर/चेन्नई. द्रविड़ मुनेत्र कषगम (द्रमुक) की वरिष्ठ नेता कनिमोई ने तमिलनाडु में पार्टी के नेतृत्व वाले गठबंधन में अस्थिरता की अटकलों को खारिज करते हुए सोमवार को कहा कि राज्य के राजनीतिक परिदृश्य में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के लिए “कोई जगह नहीं है.” कनिमोई तिरुपुर के पल्लाडम में द्रमुक की महिला शाखा के सम्मेलन से पहले संवाददाताओं से मुखातिब थीं. मुख्यमंत्री एमके स्टालिन आज शाम चार बजे इस सम्मेलन का उद्घाटन करेंगे.

भाजपा नेता नैनार नागेंद्रन ने दावा किया था कि राज्य में द्रमुक के नेतृत्व वाला गठबंधन अगला चुनाव नहीं जीतेगा. नागेंद्रन की टिप्पणी के बारे में पूछे जाने पर कनिमोई ने कहा कि वह इस पर कोई प्रतिक्रिया नहीं दे सकतीं. द्रमुक नेता ने कहा, “उन्हें सपने देखने दीजिए. इसमें कोई बुराई नहीं है. लेकिन उन्हें यह जरूर पता होना चाहिए कि तमिलनाडु की राजनीति में भाजपा के लिए कोई जगह नहीं है.” द्रमुक की पश्चिम जोन महिला शाखा तिरुपुर के पल्लाडम के पास 150 एकड़ परिसर में ‘विजयी तमिल महिलाएं’ विषय पर सम्मेलन आयोजित कर रही है. इस सम्मेलन को कोंगू क्षेत्र में अपनी स्थिति मजबूत करने के द्रमुक सरकार के प्रयासों का हिस्सा माना जा रहा है. कोंगू क्षेत्र लंबे समय से ऑल इंडिया अन्ना द्रमुक मुनेत्र कषगम (अन्नाद्रमुक) का गढ़ माना जाता रहा है.
कनिमोई ने कहा कि इस सम्मेलन का उद्देश्य संगठनात्मक शक्ति और जमीनी स्तर पर निरंतर जुड़ाव दोनों को प्रर्दिशत करना है.

तमिलनाडु शराब की गिरफ्त में, महिलाओं के खिलाफ हिंसक अपराध में बढ़ोतरी: तमिलनाडु भाजपा
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की तमिलनाडु इकाई के अध्यक्ष नैनार नागेंद्रन ने सोमवार को आरोप लगाया कि तमिलनाडु शराब की गिरफ्त में है और महिलाओं एवं लड़कियों के खिलाफ हिंसक अपराध बढ़ रहे हैं. नागेंद्रन ने करूर जिले के कुलिथलाई के पास नशे में धुत एक युवक द्वारा सात वर्षीय एक बच्ची के यौन उत्पीड़न करने की घटना पर गहरा आक्रोश जताया. उन्होंने कहा कि शराब के नशे के प्रभाव में आकर युवा महिलाओं और लड़कियों का यौन उत्पीड़न कर रहे हैं.

नागेंद्रन ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर लिखा, ”खबर है कि नशे में धुत एक युवक ने सात साल की एक बच्ची का यौन उत्पीड़न किया. यह घटना दिल दहला देने वाली है. एक पिता होने के नाते मैं इस घटना को लेकर स्तब्ध हूं. मैं भगवान से प्रार्थना करता हूं कि पीडि़त बच्ची मानसिक और शारीरिक रूप से पूरी तरह स्वस्थ हो जाए.” उन्होंने कहा, ”तमिलनाडु इस ‘टीएएसएमएसी मॉडल सरकार’ के तहत नशे की गिरफ्त में है. महिलाओं के खिलाफ हिंसक अपराध दिन-प्रतिदिन बढ़ रहे हैं.” मुख्यमंत्री एम. के. स्टालिन अक्सर अपने बयानों में ‘द्रविड़ मॉडल सरकार’ का उल्लेख करते हैं और प्रदेश भाजपा अध्यक्ष नागेंद्रन ने अपनी टिप्पणी के माध्यम से परोक्ष तौर पर उसका मखौल उड़ाया.

नागेंद्रन ने मुख्यमंत्री के ‘मादक पदार्थ मुक्त तमिलनाडु’ बनाने के दावे की आलोचना करते हुए कहा, ” ‘तमिलनाडु की सफल महिलाओं’ के सम्मान में कार्यक्रम आयोजित करने वाली द्रविड़ मुन्नेत्र कषगम (द्रमुक) सरकार को शर्म आनी चाहिए कि उसके शासन में महिलाएं सुरक्षित नहीं हैं.” उन्होंने राज्य सरकार से दोषी के खिलाफ कठोर कार्रवाई करने की मांग की और कहा, ”यदि द्रमुक अपराधी को दंडित करने में विफल रहती है, तो अगले वर्ष होने वाले विधानसभा चुनाव में जनता के जनादेश के माध्यम से न्याय होगा.”

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button