फिल्म ‘बॉर्डर 2’ ने देश में टिकट खिड़की पर 250 करोड़ रुपये से अधिक की कमाई की

Author: navabharat digital
UPDATED: Wed, 28 Jan 2026 02:50 PM
फिल्म ‘बॉर्डर 2’ ने देश में टिकट खिड़की पर 250 करोड़ रुपये से अधिक की कमाई की
ऑडियो सुनें

मुंबई: सनी देओल अभिनीत फिल्म ‘बॉर्डर 2’ ने पांचवें दिन देश के सिनेमा घरों की टिकट खिड़की पर 23.31 करोड़ रुपये की कमाई की। इसी के साथ इस फिल्म ने देश में अब तक कुल 200 करोड़ रुपये की कमाई का आंकड़ा पार कर लिया है। फिल्म के निर्माताओं ने बुधवार को यह जानकारी दी। देओल की 1997 की ब्लॉकबस्टर फिल्म ‘बॉर्डर’ की दूसरी कड़ी 23 जनवरी को सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी। इस फिल्म के निर्माताओं में टी-सीरीज और जेपी फिल्म्स शामिल हैं।

निर्माताओं ने एक प्रेस विज्ञप्ति में कहा, ” फिल्म ‘बॉर्डर 2’ ने रिलीज के मात्र पांच दिनों के भीतर ही टिकट खिड़की पर 200 करोड़ रुपये कमाई का प्रभावशाली आंकड़ा पार कर लिया है। फिल्म ने अपने पहले कार्यदिवस पर शानदार प्रदर्शन किया और पांचवें दिन 23.31 करोड़ रुपये की शुद्ध कमाई की जिससे फिल्म की कुल कमाई 216.79 करोड़ रुपये हो गई है।” उन्होंने बताया कि फिल्म ने पहले दिन 32.10 करोड़, दूसरे दिन 40.59 करोड़, तीसरे दिन 57.20 करोड़ और चौथे दिन 63.59 करोड़ रुपये की कमाई की थी।

फिल्म में सनी देओल के साथ वरुण धवन, दिलजीत दोसांझ और अहान शेट्टी भी मुख्य भूमिकाओं में हैं। यह फिल्म 1971 के भारत-पाक युद्ध की पृष्ठभूमि पर आधारित है। प्राप्त जानकारी के मुताबिक, कथित तौर पर पाकिस्तान विरोधी विमर्श के कारण फिल्म को बहरीन, कुवैत, ओमान, कतर, सऊदी अरब और संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) में रिलीज करने की अनुमति नहीं मिली है।

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By navabharat digital