योग दिवस का मुख्य कार्यक्रम कोलकाता में होगा; प्रधानमंत्री मोदी लेंगे हिस्सा

नयी दिल्ली: इस साल 21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस का मुख्य कार्यक्रम कोलकाता में आयोजित किया जाएगा, जिसमें प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी भी हिस्सा लेंगे। केंद्रीय आयुष मंत्री प्रतापराव जाधव ने सोमवार को यह जानकारी दी। जाधव ने यहां एक संवाददाता सम्मेलन में बताया कि इस साल अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की थीम ‘स्वस्थ आयु के लिए योग’ रखी गई है, जो शारीरिक स्वास्थ्य, मानसिक स्वास्थ्य और बढ़ती उम्र में सेहत को बनाए रखने में योग की भूमिका पर प्रकाश डालती है।

उन्होंने कहा, “इस साल अंतरराष्ट्रीय योग दिवस का मुख्य कार्यक्रम प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता में आयोजित किया जाएगा।” जाधव ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय योग दिवस को वैश्विक स्तर पर अभूतपूर्व समर्थन मिल रहा है और दुनियाभर में लगभग 2,500 जगहों पर योग कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

उन्होंने कहा, “प्रधानमंत्री मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व में योग एक वैश्विक जन-आंदोलन बन गया है और दुनियाभर में लाखों लोगों ने इसे अपने दैनिक जीवन का अभिन्न हिस्सा बना लिया है।”जाधव ने कहा कि इस साल की थीम हमारे समय की सबसे अहम जरूरतों में से एक पर केंद्रित है। उन्होंने कहा कि योग बढ़ती उम्र के साथ स्वस्थ, सक्रिय, आत्मनिर्भर और मानसिक रूप से मजबूत जीवन जीने में अहम भूमिका निभाता है।

जाधव ने कहा, “भारतीय सांस्कृतिक संबंध परिषद (आईसीसीआर) के समन्वय से विदेश में 210 से ज्यादा भारतीय मिशन दुनियाभर में लगभग 2,500 जगहों पर योग कार्यक्रम आयोजित कर रहे हैं।” उन्होंने कहा, “यह दिखाता है कि कैसे योग भारत की सांस्कृतिक विरासत के रूप में अपनी शुरूआत से आगे बढकर स्वास्थ्य के लिए एक साझा वैश्विक आंदोलन बन गया है।”

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button