
चमोली: बदरीनाथ मंदिर में चढ़ावा हेराफेरी मामले में पुलिस ने मंदिर के पूर्व अधिकारी को सीसीटीवी फुटेज के आधार पर गिरफ्तार किया है। मंदिर अधिकारी राजेन्द्र चोहान 30 जून को सेवानिवृत्त हुए थे। बदरीनाथ मंदिर में चढ़ावा चोरी मामले की पुलिस जांच में 22 जून की सीसीटीवी फुटेज में भी संदिग्ध गतिविधियां दिखी थी।
पुलिस इन लोगों की पहचान और भूमिका की पड़ताल में जुटी हुई है। लगातार मंदिर परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। जांच अधिकारियों के अनुसार 22 और 25 जून की रिकॉर्डिंग का बारीकी से परीक्षण किया गया। फुटेज में कुछ अन्य व्यक्तियों की गतिविधियां संदिग्ध दिखाई दी है, जिनके संबंध में जांच आगे बढ़ाई जा रही है।
इस बीच पुलिस ने अहम इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्य सुरक्षित करते हुए मंदिर के सीसीटीवी सिस्टम की डीवीआर (डिजिटल वीडियो रिकॉर्डर) को कब्जे में लेकर सील कर दिया था। अधिकारियों का कहना है कि डीवीआर में मौजूद रिकॉर्डिंग की तकनीकी जांच कराई जाएगी और इसे मामले में महत्वपूर्ण साक्ष्य के रूप में न्यायालय में प्रस्तुत किया जाएगा। पुलिस उपाधीक्षक मदन सिंह बिष्ट का कहना है कि जांच हर पहलू से की जा रही है और इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।



