नेपाल में अचानक आई बाढ़: मेघालय सरकार ने लापता लोगों के बारे में जानकारी मांगी

Author: Nandkishoryadav
UPDATED: Thu, 27 Aug 2026 02:01 PM
नेपाल में अचानक आई बाढ़: मेघालय सरकार ने लापता लोगों के बारे में जानकारी मांगी
ऑडियो सुनें

शिलांग: नेपाल में अचानक आई बाढ़ के बाद मेघालय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण ने बृहस्पतिवार को लोगों से उन व्यक्तियों की जानकारी साझा करने की अपील की, जिनसे संपर्क नहीं हो पा रहा है तथा इस संबंध में जानकारी देने के लिए हेल्पलाइन नंबर भी जारी किया। नेपाल में बुधवार को अचानक आई बाढ़ से गांवों, सड़कों, पुलों और अन्य बुनियादी ढांचे को व्यापक नुकसान हुआ तथा कई लोगों के लापता होने की खबर है।

राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण ने कहा कि वह मेघालय के ऐसे लोगों की जानकारी जुटा रहा है, जो प्रभावित क्षेत्र में मौजूद हो सकते हैं या आपदा के बाद जिनका पता नहीं चल पाया है। परिजनों, रिश्तेदारों, दोस्तों, ट्रैवल एजेंसियों, टूर आॅपरेटरों और आम लोगों से ऐसे व्यक्तियों की जानकारी मिलने पर अधिकारियों से संपर्क करने की अपील की गई है और इस संबंध में हेल्पलाइन नंबर जारी किया गया है।

प्राधिकरण ने लोगों से लापता व्यक्ति का नाम और उम्र, संपर्क नंबर, मेघालय में उनका पता, नेपाल में आखिरी ज्ञात स्थान तथा आखिरी बार संपर्क होने की तारीख और समय उपलब्ध कराने को कहा है। आपदा प्रबंधन प्राधिकरण ने कहा कि मिली जानकारी को संकलित कर सत्यापन और आवश्यक सहायता के लिए संबंधित अधिकारियों के साथ साझा किया जाएगा।

नेपाल पुलिस ने बताया कि बुधवार को पड़ोसी देश के तीन जिलों में तबाही मचाने वाली भोटे कोशी नदी की बाढ़ में जान गंवाने वालों की संख्या बढकर 160 से अधिक हो गई है। यह बाढ़ भोटेकोशी नदी की सहायक नदी ल्हेंदे का प्रवाह हिमस्खलन के कारण बाधित होने के बाद आई थी और इसने सबसे पहले चीन की सीमा के पास रसुवागढ़ी स्थित तिमुरे को प्रभावित किया था।

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Nandkishoryadav