
भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) की 95वीं वार्षिक आम बैठक यानी एजीएम में भारतीय क्रिकेट की चयन व्यवस्था और प्रशासन से जुड़े कई महत्वपूर्ण फैसले लिए गए। बैठक में मुख्य चयनकर्ता अजीत अगरकर के भविष्य को लेकर पदाधिकारियों को निर्णय लेने का अधिकार दिया गया है। हालांकि, अगरकर का कार्यकाल बढ़ाने या उनकी जगह नया मुख्य चयनकर्ता नियुक्त करने की तत्काल घोषणा नहीं हुई।
अगरकर के भविष्य पर पदाधिकारी करेंगे फैसला
अजीत अगरकर फिलहाल पुरुषों की सीनियर चयन समिति के अध्यक्ष हैं। उन्हें जुलाई 2023 में इस पद पर नियुक्त किया गया था और उनका मौजूदा कार्यकाल अक्तूबर की शुरुआत में समाप्त होने वाला है।
एजीएम में बोर्ड की सदस्य इकाइयों ने चयन समिति से जुड़े मामलों पर निर्णय लेने के लिए बीसीसीआई के पदाधिकारियों को अधिकृत किया। अब अगरकर को पद पर बनाए रखने या नए चेयरमैन की नियुक्ति से जुड़ा फैसला पदाधिकारी करेंगे।
जूनियर चयन समिति के पांच पद भी भरने हैं
बीसीसीआई के सामने सिर्फ सीनियर चयन समिति का मुद्दा नहीं है। बोर्ड को जूनियर चयन समिति के सभी पांच पद भी भरने हैं। ऐसे में आने वाले समय में चयन व्यवस्था से जुड़े कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए जा सकते हैं।
अरुण धूमल और खैरुल जमाल मजूमदार फिर चुने गए
आईपीएल गवर्निंग काउंसिल को लेकर भी एजीएम में फैसला हुआ। आईपीएल चेयरमैन अरुण धूमल और खैरुल जमाल मजूमदार को गवर्निंग काउंसिल में एक बार फिर निर्विरोध चुना गया।
बीसीसीआई के उपाध्यक्ष राजीव शुक्ला ने बैठक के बाद बताया कि एजीएम में फैसले आपसी सहमति से लिए गए।
2027 में आईपीएल के 20 साल पूरे होने पर खास आयोजन
एजीएम में आईपीएल के 20वें संस्करण को लेकर भी योजना पर चर्चा हुई। बीसीसीआई ने 2027 में आईपीएल के 20 साल पूरे होने के अवसर को विशेष तरीके से मनाने का निर्णय लिया है। इसके लिए तैयारियां पहले से शुरू करने की बात कही गई है।
अंपायरों और मैच रेफरी के भुगतान ढांचे में बदलाव
घरेलू क्रिकेट के अंपायरों और मैच रेफरी के लिए भुगतान व्यवस्था में बदलाव को मंजूरी दी गई। इसके साथ नए ग्रेड सिस्टम को भी सर्वसम्मति से मंजूरी मिली।
एजीएम में वित्तीय वर्ष 2025-26 के ऑडिट किए गए खातों को स्वीकार किया गया। वित्तीय वर्ष 2026-27 के वार्षिक बजट और अगले वित्तीय चक्र के लिए ऑडिटर्स की नियुक्ति को भी मंजूरी दी गई।
2028 में बीसीसीआई के 100 साल पूरे होंगे
बीसीसीआई ने 2028 में अपने 100 वर्ष पूरे होने के अवसर पर शताब्दी समारोह आयोजित करने की तैयारी शुरू करने का फैसला किया है। बोर्ड के मुताबिक समारोह दिसंबर 2027 से शुरू होकर पूरे 2028 तक विभिन्न आयोजनों के साथ जारी रहेंगे।
एजीएम में सौरव गांगुली और वेंकटेश प्रसाद भी पहुंचे
बीसीसीआई की 95वीं एजीएम में राज्य क्रिकेट संघों के प्रतिनिधियों के अलावा पूर्व भारतीय कप्तान सौरव गांगुली और पूर्व तेज गेंदबाज वेंकटेश प्रसाद भी मौजूद रहे। गांगुली क्रिकेट एसोसिएशन ऑफ बंगाल और प्रसाद कर्नाटक स्टेट क्रिकेट एसोसिएशन की ओर से बैठक में शामिल हुए।
मुंबई को प्रमुख मैच देने की मांग
मुंबई क्रिकेट एसोसिएशन (MCA) ने बीसीसीआई से प्रमुख मुकाबलों की मेजबानी के लिए मुंबई पर भी विचार करने का अनुरोध किया। एमसीए सचिव उन्मेष खानविलकर ने इसकी जानकारी दी।
वहीं रांची में भारत-ऑस्ट्रेलिया टेस्ट को लेकर सौरभ तिवारी ने किसी स्थानांतरण की जानकारी से इनकार किया। उन्होंने कहा कि एजीएम में इस मुद्दे पर चर्चा नहीं हुई।



