एमपी: देवास में बाइक की टक्कर के बाद दो पक्षों में बवाल, जमकर हुआ पथराव; पांच से छह लोग घायल

Author: Navabharat News Group
UPDATED: Tue, 10 Nov 2026 06:50 PM
एमपी: देवास में बाइक की टक्कर के बाद दो पक्षों में बवाल, जमकर हुआ पथराव; पांच से छह लोग घायल
ऑडियो सुनें

देवास जिला मुख्यालय से करीब 20 किलोमीटर दूर बरोठा के सांसी मोहल्ले में मंगलवार दोपहर बाइक की टक्कर को लेकर दो पक्षों के बीच शुरू हुआ विवाद पथराव में बदल गया। दोनों पक्षों की ओर से जमकर पत्थरबाजी हुई, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। अचानक हुए पथराव से बचने के लिए आसपास के लोगों ने घरों में घुसकर खुद को सुरक्षित किया।

विवाद में दोनों पक्षों के करीब 5 से 6 लोग घायल हुए हैं। इनमें से कुछ को उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा गया। डॉक्टरों के अनुसार, किसी की हालत गंभीर नहीं है। घटना की सूचना मिलते ही बरोठा पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने दोनों पक्षों के कुछ लोगों को हिरासत में लेकर थाने में पूछताछ शुरू कर दी है।

मामले में दोनों पक्षों की ओर से शिकायत मिली है। एक पक्ष की शीतल पति मनीष सिसोदिया की शिकायत पर अपराध दर्ज किया गया है। घटना के बाद पीड़ित पक्ष के कुछ लोग पुलिस अधीक्षक कार्यालय भी पहुंचे।

बताया जा रहा है कि विवाद की शुरुआत सोमवार शाम को हुई थी। उस दौरान दोनों पक्षों की मोटरसाइकिलों में टक्कर हो गई थी, जिससे एक बाइक क्षतिग्रस्त हो गई। बाइक की मरम्मत का खर्च देने की बात को लेकर मंगलवार को दोनों पक्षों के बीच कहासुनी हुई। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए। इसके बाद पथराव शुरू हो गया। दोनों पक्ष अलग-अलग समुदायों से बताए जा रहे हैं।

बरोठा थाना प्रभारी सविता जाटव ने बताया कि दोनों पक्षों के 5 से 6 लोगों को चोटें आई हैं। किसी की हालत गंभीर नहीं है। दोनों पक्षों की ओर से शिकायत मिली है, जिसके आधार पर कार्रवाई की जा रही है।

वहीं, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (यातायात) एचएन बाथम ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई थी। दोनों पक्षों को थाने लाकर मेडिकल परीक्षण की प्रक्रिया शुरू की गई है। डीएसपी बबीता बामनिया के अनुसार, फिलहाल स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है।

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Navabharat News Group