मध्य प्रदेश के जबलपुर जिले में शनिवार तड़के गाजी नगर झुग्गी बस्ती में आग लगने से कम से कम 15 झोपड़ियां जलकर खाक हो गईं। हालांकि, इस घटना में कोई घायल नहीं हुआ। एक अधिकारी ने बताया कि आग तड़के करीब 2 बजे लगी और देखते ही देखते पूरी बस्ती में फैल गई। आग लगने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। अपनी जान बचाने के लिए लोग घरों से बाहर निकलकर भागे। दमकल की गाड़ियां पहुंचने से पहले स्थानीय लोगों ने आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन उन्हें सफलता नहीं मिली। देखते ही देखते आग ने 15 झोपड़ियों को अपनी चपेट में ले लिया।
जबलपुर नगर निगम के अग्निशमन अधिकारी कुशाग्र ठाकुर ने पीटीआई को बताया, “हमें रात 2:18 बजे आग लगने की सूचना मिली थी। दो घंटे से भी कम समय में आग पर काबू पा लिया गया। हमारी टीमें सुबह करीब 5:30 बजे कार्यालय लौट आईं। इस घटना में कोई घायल नहीं हुआ है। उन्होंने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है। गाजी नगर झुग्गी बस्ती गोहलपुर थाना क्षेत्र के अंतर्गत आती है। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, आग की लपटें करीब एक किलोमीटर दूर से दिखाई दे रही थीं।