मध्यप्रदेश के मुरैना जिले में पुलिस ने बृहस्पतिवार को मुठभेड़ के बाद चंबल के कुख्यात डकैत कल्ली गुर्जर और उसके साथी अजय गुर्जर को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के एक अधिकारी ने यह जानकारी दी। अधिकारी ने बताया कि मुठभेड़ के दौरान कल्ली गुर्जर के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया। उन्होंने बताया कि कल्ली गुर्जर की हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।
पुलिस के मुताबिक, कल्ली पर 80 हजार रुपये का इनाम घोषित था।
पुलिस अधीक्षक धर्मराज ने पत्रकारों को बताया कि बृहस्पतिवार पूर्वाह्न करीब 10 बजे मुखबिर से सूचना मिलने पर पुलिस टीम बानमौर थाना क्षेत्र के पहाड़ी गांव के जंगल में पहुंची थी। उन्होंने बताया कि पुलिस को देखते ही कल्ली के गिरोह के सदस्यों ने गोलीबारी शुरू कर दी और जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी आत्मरक्षा के लिए गोलियां चलाईं।
अधिकारी ने बताया कि इसी दौरान पुलिस की एक गोली कल्ली के पैर में लगी और वह गिर पड़ा, जिसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। धर्मराज ने बताया कि कल्ली का साथी अजय गुर्जर भी पकड़ा गया, जबकि गिरोह के अन्य सदस्य फरार हो गए। उन्होंने बताया कि पुलिस ने कल्ली के कब्जे से एक पिस्तौल और एक माउजर बंदूक, जबकि अजय के कब्जे से एक बारह बोर की बंदूक और 50 कारतूस बरामद किए हैं। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, कल्ली गुर्जर के खिलाफ मुरैना, ग्वालियर और श्योपुर जिलों में हत्या, हत्या के प्रयास, लूट और डकैती के करीब 20 गंभीर मामले दर्ज हैं।