अहिवारा विधानसभा सीट हुई रिक्त, निर्वाचन आयोग को भेजी गई सूचना, अब उपचुनाव कराने का रास्ता साफ…

Author: Nandkishoryadav
UPDATED: Thu, 05 Nov 2026 02:54 PM
अहिवारा विधानसभा सीट हुई रिक्त, निर्वाचन आयोग को भेजी गई सूचना, अब उपचुनाव कराने का रास्ता साफ…
ऑडियो सुनें

छत्तीसगढ़ विधानसभा सचिवालय ने दुर्ग जिले की अहिवारा विधानसभा सीट रिक्त होने की सूचना भारत निर्वाचन आयोग को भेज दी है। भाजपा विधायक डोमनलाल कोर्सेवाड़ा के निधन के बाद खाली हुई इस सीट पर अब उपचुनाव कराने का रास्ता साफ हो गया है। नियमानुसार इस सीट पर छह महीने के भीतर यानी 30 अप्रैल, 2027 से पहले उपचुनाव कराना होगा।

विधायक कोर्सेवाड़ा का 30 अक्तूबर को हैदराबाद के यशोदा अस्पताल में निधन हो गया था। उनके निधन की सूचना जिला निर्वाचन अधिकारी एवं कलेक्टर ने विधानसभा सचिवालय को भेजी थी। अब विधानसभा सचिवालय ने इसकी सूचना निर्वाचन आयोग को भेज दी है, जिसके बाद आयोग उपचुनाव की प्रक्रिया आगे बढ़ा सकेगा।
सरकार के समक्ष दूसरा उपचुनाव
विष्णुदेव साय सरकार को अपने तीन साल के कार्यकाल में दूसरी बार विधानसभा उपचुनाव का सामना करना पड़ेगा। इससे पहले तत्कालीन विधायक और मंत्री बृजमोहन अग्रवाल के लोकसभा सदस्य निर्वाचित होने के बाद रायपुर दक्षिण विधानसभा सीट खाली हुई थी। वहां हुए उपचुनाव में भाजपा के सुनील सोनी ने जीत दर्ज की थी।
अहिवारा सीट का राजनीतिक इतिहास
अहिवारा विधानसभा सीट का गठन वर्ष 2008 में परिसीमन के बाद हुआ था। अनुसूचित जाति के लिए आरक्षित इस सीट से डोमनलाल कोर्सेवाड़ा पहले विधायक निर्वाचित हुए थे। उन्होंने 2008 में भाजपा के टिकट पर जीत दर्ज की थी। वर्ष 2013 में भाजपा ने उनका टिकट काटकर सांवलाराम डाहरे को उम्मीदवार बनाया, जिन्होंने चुनाव जीता। 2018 में कांग्रेस के गुरु रुद्र कुमार विधायक बने। वहीं वर्ष 2023 में भाजपा ने फिर कोर्सेवाड़ा पर भरोसा जताया और वे जीतकर विधानसभा पहुंचे। इस तरह वे अहिवारा के पहले और चौथे विधायक रहे। अब उनके निधन से इस सीट पर उपचुनाव की नौबत आई है।

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Nandkishoryadav