कालकाजी मंदिर के पास नाबालिग से सामूहिक दुष्कर्म, पुलिसकर्मी बनकर धमकाने का आरोप; तीन गिरफ्तार

Author: www.navabharat.news
UPDATED: Tue, 22 Sep 2026 09:25 AM
कालकाजी मंदिर के पास नाबालिग से सामूहिक दुष्कर्म, पुलिसकर्मी बनकर धमकाने का आरोप; तीन गिरफ्तार
ऑडियो सुनें

दिल्ली के कालकाजी मंदिर के पास एक नाबालिग किशोरी के साथ सामूहिक दुष्कर्म का मामला सामने आया है। पुलिस के मुताबिक, किशोरी अपने नाबालिग दोस्त के साथ शाम के समय मंदिर में दर्शन करने पहुंची थी। दर्शन के बाद दोनों मंदिर के पीछे स्थित आस्था कुंज इलाके में चले गए।

पुलिस के अनुसार, इसी दौरान तीन युवक वहां पहुंचे और दोनों को खुद को पुलिसकर्मी बताकर धमकाने लगे। आरोप है कि इसके बाद आरोपियों ने किशोरी के साथ सामूहिक दुष्कर्म किया।

आरोपियों ने खुद को पुलिसकर्मी बताया

प्रारंभिक जांच के अनुसार घटना शाम करीब 7:30 बजे की बताई जा रही है। पुलिस का कहना है कि तीनों आरोपी करीब 25 से 30 वर्ष की उम्र के बताए गए हैं।

आरोपियों ने कथित तौर पर किशोरी और उसके नाबालिग साथी को डराया। इसके बाद एक आरोपी ने किशोर को पकड़ लिया और बाकी आरोपियों ने किशोरी के साथ वारदात को अंजाम दिया।

मुख्य आरोपी मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार

दक्षिण-पूर्वी जिला पुलिस के अनुसार, मामले में तुगलकाबाद निवासी 34 वर्षीय आसिफ को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस का कहना है कि आरोपी को अमर कॉलोनी में डीएम कार्यालय के पास घेरने की कोशिश की गई थी।

पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने मौके से भागने का प्रयास किया, जिसके बाद पुलिस ने गोली चलाई। गोली आरोपी के पैर में लगी। इसके बाद उसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया।

दो अन्य आरोपी भी पुलिस की गिरफ्त में

पुलिस ने मामले में आसिफ के दो कथित साथियों को भी गिरफ्तार किया है। प्रारंभिक जांच में तीनों पर नाबालिग के साथ सामूहिक दुष्कर्म में शामिल होने का आरोप है।

पुलिस ने पीड़िता को चिकित्सकीय जांच और उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया है। अधिकारियों के अनुसार, घटना के बाद किशोरी काफी घबराई हुई थी।

पीड़िता के बताए हुलिए से आरोपी तक पहुंची पुलिस

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, पीड़िता ने आरोपियों के बारे में कुछ जानकारी और हुलिया बताया था। इसके आधार पर पुलिस ने इलाके के कई संदिग्ध लोगों को जांच के दायरे में लिया।

बताया गया कि करीब सात-आठ लोगों को शॉर्टलिस्ट किए जाने के बाद पीड़िता से पहचान की प्रक्रिया कराई गई। इसी दौरान आसिफ के बारे में सुराग मिलने के बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार किया।

आस्था कुंज में पहले भी हो चुकी है वारदात

पुलिस के अनुसार, कालकाजी मंदिर से सटे आस्था कुंज इलाके में पहले भी गंभीर अपराध सामने आ चुके हैं। पुलिस का कहना है कि आरोपी कथित तौर पर ऐसे युवक-युवतियों को निशाना बनाने की तलाश में रहते थे, जो इलाके में बैठने या घूमने आते थे।

मामले में पुलिस आगे की जांच कर रही है और आरोपियों से पूछताछ के आधार पर घटना से जुड़े अन्य तथ्यों की जानकारी जुटाई जा रही है।

Join Our WhatsApp Channel G Prefer Navabharat News on Google

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By www.navabharat.news