शहडोल में फेसबुक पर अश्लील वीडियो पोस्ट करने पर कार्रवाई, चार युवक गिरफ्तार होकर जेल भेजे गए

साइबर सेल की तकनीकी जांच से आरोपियों की हुई पहचान, बुढ़ार थाना क्षेत्र के बिरुहली गांव का मामला

Author: www.navabharat.news
UPDATED: Fri, 25 Sep 2026 12:35 PM
शहडोल में फेसबुक पर अश्लील वीडियो पोस्ट करने पर कार्रवाई, चार युवक गिरफ्तार होकर जेल भेजे गए

ऑडियो सुनें

शहडोल जिले में सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक और अश्लील सामग्री पोस्ट करने के मामले में पुलिस ने चार युवकों को गिरफ्तार किया है। मामला बुढ़ार थाना क्षेत्र के बिरुहली गांव का है। पुलिस के मुताबिक, फेसबुक पर अश्लील वीडियो अपलोड किए जाने की जानकारी सोशल मीडिया निगरानी के दौरान सामने आई थी। इसके बाद साइबर सेल की मदद से पोस्ट अपलोड करने वालों की पहचान की गई।

साइबर सेल ने तकनीकी जांच से आरोपियों को पकड़ा

पुलिस के अनुसार, थाना प्रभारी रजनीश तिवारी ने सोशल मीडिया की निगरानी के दौरान आपत्तिजनक सामग्री देखी। मामले को गंभीरता से लेते हुए साइबर सेल से तकनीकी जांच कराई गई। जांच के जरिए वीडियो अपलोड करने वाले युवकों की पहचान की गई और इसकी जानकारी बुढ़ार पुलिस को दी गई।

इसके बाद थाना प्रभारी रजनीश तिवारी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए बिरुहली निवासी सुमित केवट, सत्यम केवट, किशन लेवर और राहुल केवट को हिरासत में लिया।

न्यायालय में पेशी के बाद भेजा गया जेल

पुलिस ने पूछताछ और जांच के बाद चारों युवकों के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई की। इसके बाद सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।

सोशल मीडिया पोस्ट को लेकर पुलिस की निगरानी

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, शहडोल जिले में सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। आपत्तिजनक, अश्लील या भड़काऊ सामग्री पोस्ट करने के मामलों में नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस ने सोशल मीडिया यूजर्स से अपील की है कि वे किसी भी अश्लील या आपत्तिजनक सामग्री को अपलोड, शेयर या प्रसारित न करें। पुलिस अधीक्षक संजय कुमार अग्रवाल के निर्देश पर थाना क्षेत्रों में सोशल मीडिया गतिविधियों की निगरानी के साथ साइबर सेल की मदद से संदिग्ध पोस्ट की जांच की जा रही है।

By www.navabharat.news