Vande Bharat: दूसरी वंदे भारत एक्सप्रेस वाराणसी और नई दिल्ली के बीच 31 अक्टूबर से, उद्घाटन की तैयारी, Exclusive Video

Author: Navabharat News Group
UPDATED: Thu, 29 Oct 2026 10:01 AM
Vande Bharat: दूसरी वंदे भारत एक्सप्रेस वाराणसी और नई दिल्ली के बीच 31 अक्टूबर से, उद्घाटन की तैयारी, Exclusive Video
ऑडियो सुनें

दीपावली से पहले यात्रियों को बड़ी सौगात मिलने जा रही है। देश की दूसरी स्लीपर वंदे भारत एक्सप्रेस वाराणसी और नई दिल्ली के बीच चलने की तैयारी में है। ट्रेन का रैक वाराणसी पहुंच चुका है और सुरक्षा के बीच इसे वाशिंग पिट में खड़ा किया गया है। रेलवे के मुताबिक, 31 अक्टूबर को बनारस स्टेशन से इस विशेष ट्रेन को हरी झंडी दिखाई जाएगी।

रात 8:50 बजे वाराणसी से चलेगी
नियमित संचालन के लिए ट्रेन नंबर 27421 वाराणसी कैंट स्टेशन से रात 8 बजकर 50 मिनट पर रवाना होगी। रातभर का सफर पूरा करते हुए यह ट्रेन प्रयागराज और कानपुर सेंट्रल जैसे प्रमुख स्टेशनों से होकर अगले दिन सुबह 5 बजकर 55 मिनट पर नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पहुंचेगी।

वापसी में ट्रेन नंबर 27422 नई दिल्ली से रात 9 बजकर 40 मिनट पर चलेगी और अगले दिन सुबह 6 बजकर 45 मिनट पर वाराणसी कैंट स्टेशन पहुंचेगी। वाराणसी और नई दिल्ली के बीच लगभग 966 किलोमीटर की दूरी यह ट्रेन करीब 13 घंटे में तय करेगी।

सप्ताह में छह दिन होगा संचालन
यात्रियों की मांग को देखते हुए स्लीपर वंदे भारत को सप्ताह में छह दिन चलाने की योजना है। यह ट्रेन रविवार से शुक्रवार तक चलेगी, जबकि शनिवार को इसका संचालन नहीं होगा। शनिवार को तकनीकी रैक और सुरक्षा मानकों की जांच के लिए मेंटेनेंस ब्लॉक रखा गया है।

कितना हो सकता है किराया?

स्लीपर वंदे भारत के किराए की रेलवे ने अभी आधिकारिक घोषणा नहीं की है। हालांकि, आंतरिक सूत्रों और अनुमानों के आधार पर संभावित किराया सामने आया है। माना जा रहा है कि थर्ड एसी का किराया करीब 2000 रुपये, सेकंड एसी का लगभग 2500 रुपये और फर्स्ट एसी का करीब 3000 रुपये हो सकता है। अंतिम किराया रेलवे की आधिकारिक घोषणा के बाद ही स्पष्ट होगा।

16 कोच में 825 यात्रियों की क्षमता
वाराणसी-नई दिल्ली रूट पर चलने वाली इस दूसरी स्लीपर वंदे भारत में कुल 16 कोच होंगे। इनमें 11 कोच थर्ड एसी, 4 कोच सेकंड एसी और 1 कोच फर्स्ट एसी का होगा। ट्रेन की कुल क्षमता 825 सीटों यानी बर्थ की है।

देश की पहली स्लीपर वंदे भारत का संचालन कामाख्या और हावड़ा के बीच किया जा रहा है। अब दूसरी स्लीपर वंदे भारत को देश के व्यस्त वाराणसी-दिल्ली मार्ग पर चलाने की तैयारी है। नियमित संचालन शुरू होने के बाद रात में वाराणसी से दिल्ली जाने वाले यात्रियों को आरामदायक सफर का विकल्प मिलेगा।

 

#VandeBharatSleeper #IndianRailways #NewsReality
@narendramodi @AshwiniVaishnaw @RailMinIndi

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Navabharat News Group