छत्तीसगढ़ में 15 नवंबर को होने वाले जनजातीय गौरव दिवस को लेकर भाजपा ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी सिलसिले में भाजपा की राष्ट्रीय महामंत्री एवं छत्तीसगढ़ प्रदेश प्रभारी स्मृति ईरानी बुधवार को रायपुर पहुंचीं। एयरपोर्ट से वे सीधे धरमजयगढ़ के लिए रवाना होंगी।
धरमजयगढ़ में आयोजन स्थल का करेंगी निरीक्षण
स्मृति ईरानी धरमजयगढ़ पहुंचकर जनजातीय गौरव दिवस के लिए तैयार किए जा रहे कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण करेंगी। इस दौरान वे आयोजन से जुड़ी व्यवस्थाओं का जायजा लेने के साथ ही स्थानीय नेताओं और अधिकारियों के साथ बैठक भी करेंगी।
कार्यक्रम की तैयारियों में मंच, सुरक्षा, यातायात, बैठक व्यवस्था और अन्य जरूरी व्यवस्थाओं को लेकर पार्टी स्तर पर लगातार काम किया जा रहा है। प्रदेश प्रभारी मौके पर पहुंचकर तैयारियों की समीक्षा करेंगी और जरूरी दिशा-निर्देश देंगी।
नितिन नबीन होंगे कार्यक्रम के मुख्य अतिथि
धरमजयगढ़ में आयोजित होने वाले प्रदेश स्तरीय जनजातीय गौरव दिवस कार्यक्रम में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन शामिल होंगे। राष्ट्रीय अध्यक्ष के प्रस्तावित दौरे को देखते हुए भाजपा संगठन आयोजन को भव्य बनाने में जुटा हुआ है।
पार्टी के वरिष्ठ नेताओं और पदाधिकारियों को अलग-अलग जिम्मेदारियां दी गई हैं। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में जनजातीय समाज के लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने की भी तैयारी की जा रही है।
भाजपा ने झोंकी पूरी ताकत
जनजातीय गौरव दिवस को लेकर भाजपा प्रदेश संगठन लगातार बैठकें कर रहा है। धरमजयगढ़ में होने वाले कार्यक्रम को लेकर पार्टी की तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच रही हैं। स्मृति ईरानी के दौरे को भी इसी तैयारियों की कड़ी के तौर पर देखा जा रहा है।