देश की आर्थिक राजधानी में हुए खौफनाक आतंकी हमले की आज बरसी है। उस दिन समुद्र के रास्ते भारत में दाखिल हुए लश्कर के 10 आतंकियों ने मुंबई में कत्लेआम मचा दिया था। 166 निर्दोष लोगों को जान गंवानी पड़ी थी। विदेश मंत्री एस जयशंकर ने इस घटना को याद करते हुए कहा है कि आतंकवाद के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति जारी रहेगी।

मुंबई में आतंकियों के कत्लेआम की आज 18वीं बरसी है। साल 2008 में 26 से 29 नवंबर के बीच लश्कर-ए-तैयबा के 10 अतंकियों ने देश की आर्थिक राजधानी पर अटैक किया था। विदेश मंत्री एस जयशंकर ने उस काले दिन को याद करते हुए सुरक्षाकर्मियों के बलिदान को सलाम किया है। एस जयशंकर ने एक्स पोस्ट में कहा कि 26/11 के मुंबई आतंकी हमलों में जान गंवाने वाले निर्दोष लोगों को याद करें और उन बहादुर सुरक्षाकर्मियों को सलाम करें जिन्होंने सर्वोच्च बलिदान दिया।

10 आतंकियों ने दिया था हमले को अंजाम
बता दें कि देश की आर्थिक राजधानी मुंबई में 2008 में हुये आतंकी हमलों के 18 साल बाद भी भारी रक्तपात की खौफनाक यादें लोगों के जेहन में आज भी ताजा हैं। उस दिन पाकिस्तान से समुद्र के रास्ते मुंबई आए लश्कर-ए-तैयबा 10 आतंकवादियों ने भारी हथियारों से हमला किया, जिसमें 166 लोगों की मौत हो गयी थी और 300 से ज्यादा लोग घायल हो गए थे। मरने वालों में कई विदेशी नागरिक भी थे। यह भारत के किसी शहर में हुए सबसे घातक आतंकी हमलों में से एक था।
मुंबई के किन ठिकानों पर किए हमले?
26 नवंबर 2008 की रात शुरू हुए और 29 नवंबर की सुबह तक चले हमलों में कई प्रमुख जगहों को निशाना बनाया गया। इनमें छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस, ताजमहल पैलेस होटल, ट्राइडेंट होटल, नरीमन हाउस (चाबड हाउस), लियोपोल्ड कैफे और कामा एंड एल्ब्लेस अस्पताल शामिल थे। भारी हथियारों से लैस आतंकवादियों ने सुनियोजित हमले किए, लोगों को बंधक बनाया और सुरक्षाकर्मियों के साथ लंबी गोलीबारी में उलझ गए।

60 घंटे तक चला घेराबंदी का दौर
सुरक्षाबलों के सामने भारी चुनौती थी, क्योंकि हमलावरों ने इमारतों पर कब्जा कर लिया था। उन्होंने उनकी ऊंचाई और बनावट का अपने फायदे के लिए इस्तेमाल किया, और लोगों को बंधक बना लिया था। मुंबई पुलिस, सशस्त्र पुलिसकर्मियों, भारतीय नौसेना के मरीन कमांडो और राष्ट्रीय सुरक्षा गार्ड की समन्वित कार्रवाई से आखिरकार लगभग 60 घंटे तक चला घेराबंदी का दौर समाप्त हुआ।

जिंदा पकड़ा गया था अजमल कसाब
10 हमलावरों में से मोहम्मद अजमल कसाब को जिंदा पकड़ लिया गया था। बाद में उस पर मुकदमा चला, उसे दोषी ठहराया गया और नवंबर 2012 में उसे फांसी दे दी गई। डेविड कोलमैन हेडली (जो हमलों से पहले मुंबई की रेकी करने वाले मुख्य साजिशकर्ताओं में से एक था) ने बाद में अमेरिका से वीडियो कॉन्फ्रेंस के जरिए भारतीय अदालत के सामने गवाही दी।

तहव्वुर राणा पर चल रहा है मुकदमा
26/11 की साजिश के एक अन्य आरोपी तहव्वुर हुसैन राणा को भारत में मुकदमा चलाने के लिए 2025 में अमेरिका से प्रत्यर्पित किया गया था। हालांकि, इन हमलों के कई प्रमुख साजिशकर्ता तथा आका अब भी भारत की पहुंच से बाहर हैं, और माना जाता है कि उनमें से कई पाकिस्तान में मौजूद हैं।

तीन दशकों में कई आतंकी हमले
- पिछले लगभग तीन दशकों में मुंबई ने कई बड़े आतंकवादी हमलों का सामना किया है। 12 मार्च 1993 को महानगर में 12 जगहों पर बम धमाके हुए, जिनमें 257 लोग मारे गए और हजारों अन्य घायल हुए। 11 जुलाई 2006 को शहर में रेलगाड़ियों में सिलसिलेवार धमाके हुए, जिनमें 188 लोगों की जान चली गई। वहीं, 13 जुलाई 2011 को दादर, झावेरी बाजार और ओपेरा हाउस में हुए तीन धमाकों में 27 लोग मारे गए।
