छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि प्रदेश के युवाओं को गुणवत्तापूर्ण उच्च शिक्षा के साथ कौशल विकास और रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराना राज्य सरकार की प्राथमिकता है। मुख्यमंत्री साय की अध्यक्षता में बुधवार को नवा रायपुर अटल नगर स्थित मंत्रालय महानदी भवन में उच्च शिक्षा विभाग की समीक्षा बैठक की गई जिसमें उच्च शिक्षा मंत्री टंक राम वर्मा भी मौजूद रहे।
अधिकारियों ने बताया कि इस दौरान राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 के क्रियान्वयन, उच्च शिक्षा मिशन, उत्कृष्टता केंद्रों की स्थापना, रोजगारपरक शिक्षा, प्रशिक्षुता नीति, रिक्त पदों पर भर्ती, डिजिटल नवाचार तथा महाविद्यालयों एवं विश्वविद्यालयों में बुनियादी ढांचे के विकास की प्रगति की समीक्षा की गई।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री साय ने कहा, ”प्रदेश के युवाओं को गुणवत्तापूर्ण उच्च शिक्षा के साथ कौशल विकास और रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराना राज्य सरकार की प्राथमिकता है। उच्च शिक्षण संस्थानों को ज्ञान, अनुसंधान, नवाचार और उद्यमिता के केंद्र के रूप में विकसित किया जाए।” बैठक में बताया गया कि प्रदेश के 30 महाविद्यालयों को शिक्षण और अनुसंधान के उत्कृष्टता केंद्रों के रूप में विकसित करने के लिए चिह्नित किया गया है। इन महाविद्यालयों में आधुनिक प्रयोगशालाएं, उन्नत पुस्तकालय, स्मार्ट कक्षाएं और अन्य जरूरी शैक्षणिक सुविधाएं विकसित की जाएंगी।
अधिकारियों ने बताया कि विद्यार्थियों के कौशल विकास, प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी और रोजगार उपलब्ध कराने पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। मौजूदा बजट में आधुनिक उपकरणों, मशीनों, सामग्री और सम्मेलनों के लिए प्रत्येक महाविद्यालय को तीन करोड़ रुपये देने का प्रावधान किया गया है। उन्होंने कहा कि अगले दो वर्षों में डिजिटलीकरण और अन्य निर्माण कार्यों के लिए प्रत्येक महाविद्यालय को 10 करोड़ रुपये देने की मांग का प्रस्ताव है।
छत्तीसगढ़ उच्च शिक्षा मिशन के लिए वित्त वर्ष 2026-27 के बजट में 50 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है। इस मिशन के माध्यम से राष्ट्रीय शिक्षा नीति को प्रभावी ढंग से लागू करने और उच्च शिक्षा में सकल नामांकन अनुपात बढ़ाने पर विशेष जोर दिया जाएगा।
उन्होंने कहा, ”फिलहाल प्रदेश में यह (सकल नामांकन अनुपात) 24.5 प्रतिशत है, जबकि राष्ट्रीय स्तर पर 30 प्रतिशत है।
राष्ट्रीय शिक्षा नीति के अनुरूप वर्ष 2035 तक इसे बढ़ाकर 50 प्रतिशत करने का लक्ष्य रखा गया है।” अधिकारियों ने बताया कि मिशन के तहत अध्ययन-अध्यापन, सूचना प्रौद्योगिकी, क्षमता विकास, रोजगार के अवसरों और बुनियादी ढांचे के विकास को प्राथमिकता दी जाएगी।