छत्तीसगढ़ में डिजिटल तकनीक से पंजीयन व्यवस्था के लिए ‘धरोहर’ पोर्टल का प्रायोगिक परीक्षण शुरू किया गया है। अधिकारियों ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी। अधिकारियों ने बताया कि नागरिकों को सरल, सहज, सुरक्षित एवं पारदर्शी पंजीयन सेवाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से विभाग द्वारा ‘धरोहर’ पोर्टल विकसित किया गया है। इस पोर्टल का प्रायोगिक परीक्षण रायपुर के तेलीबांधा स्थित उप पंजीयक कार्यालय में शुरू किया गया है।
उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में राज्य शासन द्वारा शासकीय सेवाओं में आधुनिक तकनीक के उपयोग को बढ़ावा दिया जा रहा है। इसी क्रम में पंजीयन विभाग की कार्यप्रणाली को अधिक पारदर्शी, प्रभावी और नागरिक-केंद्रित बनाने के लिए तकनीकी तथा प्रक्रियागत सुधार किए जा रहे हैं। ‘धरोहर’ पोर्टल इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। इसके माध्यम से पंजीयन प्रक्रिया में आधुनिक डिजिटल सुविधाओं का समावेश कर नागरिकों के समय और श्रम की बचत करने का प्रयास किया जा रहा है।
अधिकारियों ने बताया कि प्रायोगिक परियोजना का उद्देश्य नयी प्रणाली का व्यावहारिक परीक्षण करना, तकनीकी चुनौतियों की पहचान करना तथा प्राप्त अनुभवों और सुझावों के आधार पर आवश्यक सुधार करना है, ताकि प्रदेश स्तर पर लागू करने से पहले पोर्टल को अधिक प्रभावी, सुरक्षित और उपयोगकर्ता-अनुकूल बनाया जा सके।
उन्होंने बताया कि नयी प्रणाली के सुचारु क्रियान्वयन के लिए पंजीयन विभाग द्वारा चरणबद्ध प्रक्रिया अपनाई जा रही है। वर्तमान में ‘धरोहर’ पोर्टल का प्रायोगिक परीक्षण रायपुर के तेलीबांधा स्थित उप पंजीयक कार्यालय क्रमांक-06 तक सीमित है। उन्होंने कहा कि रायपुर जिले के अन्य पंजीयन कार्यालयों सहित प्रदेश के शेष कार्यालयों में पूर्व से संचालित ‘एनजीडीआरएस’ सॉफ्टवेयर के माध्यम से पंजीयन कार्य जारी रहेगा।
अधिकारियों ने बताया कि नयी प्रणाली के पूर्ण परीक्षण और आवश्यक तकनीकी सुधारों के बाद ही इसे अन्य कार्यालयों में चरणबद्ध तरीके से लागू किया जाएगा। इस दौरान पुरानी और नयी व्यवस्था के बीच आवश्यक समन्वय बनाए रखा जाएगा, ताकि नागरिकों को पंजीयन सेवाएं प्राप्त करने में किसी प्रकार की असुविधा न हो।