असम के मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा ने शुक्रवार को कहा कि राज्य में 2021 से बाल विवाह के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इस दौरान 6,000 से अधिक लोगों को गिरफ्तार किया गया है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की गई है। शर्मा ने कहा कि उनकी सरकार सामाजिक बुराई को खत्म करने के अपने संकल्प पर अडिग है और बेटियों की गरिमा, अधिकारों तथा भविष्य की रक्षा की जाएगी।
उन्होंने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में कहा, ”आज संयुक्त राष्ट्र द्वारा घोषित बाल विवाह, कम उम्र में विवाह और जबरन विवाह के उन्मूलन का पहला अंतरराष्ट्रीय दिवस है।” मुख्यमंत्री ने कहा, ”असम के लिए इस दिन का विशेष महत्व है। हमने 2021 से बाल विवाह के खिलाफ लगातार अभियान चलाया है। इस दौरान 6,000 से अधिक गिरफ्तारियां हुई हैं और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की गई है। यह अभियान अब भी जारी है।”
उन्होंने कहा कि किसी भी बच्चे को जबरन विवाह के कारण अपना बचपन कुर्बान करने के लिए मजबूर नहीं किया जाना चाहिए। संयुक्त राष्ट्र महासभा ने इस साल चार सितंबर को एक प्रस्ताव पारित कर 27 नवंबर को बाल विवाह, कम उम्र में विवाह और जबरन विवाह के उन्मूलन के अंतरराष्ट्रीय दिवस के रूप में मनाने का फैसला किया था।