ओडिशा में परिसीमन और महिला आरक्षण विधेयक से राजनीतिक हलचल ते, महिलाओं को मिल सकती हैं करीब 80 सीटें

Author: Nandkishoryadav
UPDATED: Sat, 28 Nov 2026 06:26 PM
ओडिशा में परिसीमन और महिला आरक्षण विधेयक से राजनीतिक हलचल ते, महिलाओं को मिल सकती हैं करीब 80 सीटें
ऑडियो सुनें

ओडिशा की राजनीति में आने वाले दिनों में बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है। परिसीमन और महिला आरक्षण विधेयक को केंद्रीय कैबिनेट की मंजूरी मिलने के बाद राज्य में राजनीतिक हलचल तेज हो गई है।

सबसे बड़ा सवाल यह है कि परिसीमन के बाद लोकसभा और विधानसभा की सीटों की संख्या कितनी होगी? कौन से संसदीय क्षेत्र टूटेंगे और किन ब्लॉकों को जोड़कर नए विधानसभा क्षेत्र बनाए जाएंगे?

महिलाओं के लिए कौन सी सीटें आरक्षित होंगी और अनुसूचित जाति (एससी) एवं अनुसूचित जनजाति (एसटी) के लिए आरक्षण का नया स्वरूप क्या होगा?

कैबिनेट में मंजूर प्रस्ताव यदि संसद से इसी स्वरूप में पारित होता है तो लोकसभा और विधानसभा की सीटों में 50 प्रतिशत तक वृद्धि हो सकती है।

ऐसा हुआ तो ओडिशा का मौजूदा राजनीतिक नक्शा पूरी तरह बदल जाएगा। इसका असर राज्य के सभी जिलों और विधानसभा क्षेत्रों पर पड़ेगा।

कई नए राजनीतिक समीकरण बनेंगे तो वर्तमान सांसदों और विधायकों के सामने भी अपने राजनीतिक भविष्य को लेकर नई चुनौती खड़ी होगी।

फिलहाल ओडिशा में लोकसभा की 21 और विधानसभा की 147 सीटें हैं। प्रस्ताव के अनुरूप 50 प्रतिशत वृद्धि होने पर लोकसभा की सीटें बढ़कर 31 हो सकती हैं।

 

वहीं, विधानसभा की सीटों का गणित अभी स्पष्ट नहीं है। प्रारंभिक आकलन के अनुसार, विधानसभा सीटों में 60 से 80 तक की वृद्धि संभव है।

2011 की जनगणना बनेगी आधार
परिसीमन की प्रक्रिया में वर्ष 2011 की जनगणना को आधार बनाए जाने की संभावना है। परिसीमन आयोग के गठन के बाद जनसंख्या के आधार पर निर्वाचन क्षेत्रों का पुनर्गठन किया जाएगा।

किस जिले में कितनी सीटें बढ़ेंगी और किन क्षेत्रों को मिलाकर नया विधानसभा क्षेत्र बनेगा, इसका फैसला आयोग करेगा। इसलिए अभी किसी सीट के टूटने, जुड़ने या आरक्षित होने की स्थिति स्पष्ट नहीं है।

महिलाओं के खाते में जा सकती हैं 80 सीटें
महिला आरक्षण लागू होने पर ओडिशा में लोकसभा की करीब 10 सीटें महिलाओं के लिए आरक्षित हो सकती हैं। इसी तरह विधानसभा की लगभग 70 सीटों पर महिला उम्मीदवारों के लिए आरक्षण की संभावना जताई जा रही है। एससी और एसटी के लिए आरक्षित सीटों का स्वरूप भी परिसीमन के बाद बदल सकता है। ऐसे में मयूरभंज, सुंदरगढ़ और बरहमपुर जैसे बड़े संसदीय क्षेत्रों सहित राज्य के सभी निर्वाचन क्षेत्रों की सीमाएं प्रभावित हो सकती हैं।

सांसदों-विधायकों की बढ़ी बेचैनी
परिसीमन और महिला आरक्षण की संभावनाओं ने मौजूदा सांसदों और विधायकों की चिंता बढ़ा दी है। निर्वाचन क्षेत्र की सीमाएं बदलने के साथ आरक्षण की स्थिति भी बदल सकती है।

ऐसे में किसी नेता का वर्तमान क्षेत्र सामान्य रहेगा या आरक्षित हो जाएगा, यह अभी तय नहीं है। नए परिसीमन में राजनीतिक समीकरण बदलने से कई नेताओं को अपना चुनावी क्षेत्र भी बदलना पड़ सकता है।

बीजद के रुख पर टिकी नजर
इस विधेयक को लेकर राज्यसभा में बीजू जनता दल (बीजद) का रुख भी महत्वपूर्ण होगा। पहले जनसंख्या के अनुपात में सीटें बढ़ाने के प्रस्ताव का बीजद ने विरोध किया था। हालांकि, परिसीमन की प्रक्रिया में बदलाव के बाद पार्टी अपने रुख पर पुनर्विचार कर सकती है।

राज्यसभा में बीजद संसदीय दल के नेता मानस मंगराज ने कहा है कि पार्टी ओडिशा के हितों को ध्यान में रखकर निर्णय लेगी। प्रदेश अध्यक्ष नवीन पटनायक का जो निर्देश होगा, उसका पालन किया जाएगा। उल्लेखनीय है कि राज्यसभा में बीजद के फिलहाल पांच सांसद हैं।

कुल मिलाकर परिसीमन केवल सीटों की संख्या बढ़ाने की कवायद नहीं होगी, बल्कि इससे ओडिशा की राजनीति का पूरा चुनावी समीकरण बदल सकता है।

Join Our WhatsApp Channel G Prefer Navabharat News on Google

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Nandkishoryadav