American economist Alex: भारत 21वीं सदी की सबसे बड़ी ग्रोथ स्‍टोरी, चीन से सिर्फ 15 साल पीछे…

Author: Nandkishoryadav
UPDATED: Sat, 28 Nov 2026 06:43 PM
American economist Alex: भारत 21वीं सदी की सबसे बड़ी ग्रोथ स्‍टोरी, चीन से सिर्फ 15 साल पीछे…
ऑडियो सुनें

भारत की आर्थिक तरक्की और चीन के साथ उसकी प्रतिस्पर्धा ग्‍लोबल चर्चा के केंद्र में है। जॉर्ज मेसन यूनिवर्सिटी के अर्थशास्त्री एलेक्स तबारोक ने एक विश्लेषण किया है। इसके मुताबिक, भारत प्रति व्यक्ति आय और विकास के पैमाने पर चीन से सिर्फ 15 साल पीछे है। उसकी विकास दर अब चीन से भी तेज हो चुकी है। वैसे भारत के इस बढ़ते कदम और इंफ्रास्ट्रक्चर सेक्‍टर में आत्मनिर्भर बनने की कोशिशों से चीन असहज दिखने लगा है। केंद्रीय कैबिनेट की ओर से भारी निर्माण उपकरणों के घरेलू उत्पादन के लिए 11,000 करोड़ रुपये की योजना को मंजूरी देने के बाद चीनी सरकारी अखबार ‘ग्लोबल टाइम्स’ ने इसे ‘चीन-विरोधी कैंपेन’ न बनाने की नसीहत दी है।

 

जॉर्ज मेसन यूनिवर्सिटी के अर्थशास्‍त्री प्रोफेसर एलेक्स तबारोक ने वर्ल्‍ड बैंक के आंकड़ों का विश्लेषण करते हुए दावा किया है। यह कि भारत 21वीं सदी की सबसे बड़ी ग्रोथ स्‍टोरी लिख रहा है। वह चीन से सिर्फ 15 साल पीछे है।

तबारोक के अनुसार, परचेजिंग पावर पैरिटी यानी क्रय शक्ति समता (PPP) के आधार पर 2025 में भारत की प्रति व्यक्ति जीडीपी 10,039 डॉलर तक पहुंच गई है। यह 1990 के स्तर से करीब पांच गुना ज्‍यादा है। 2009 के अंत में चीन की आर्थिक स्थिति के बराबर है।

 

अर्थशास्‍त्री का कहना है कि चीन ने 1978 में आर्थिक सुधार शुरू किए थे। जबकि भारत ने 1991 में उदारीकरण अपनाया। यही 15 साल का अंतर आज दिखाई देता है। खास बात यह है कि भारत की तीन साल की वार्षिक प्रति व्यक्ति विकास दर 6.3 फीसदी है। चीन के 5.3 फीसदी से यह ज्‍यादा है।

तबारोक के मुताबिक, अगर भारत 6 फीसदी की दर से बढ़ता रहा तो अगले 15 सालों में प्रति व्यक्ति आय 20,000 डॉलर तक पहुंच जाएगी।

इसके साथ ही भारत में बहुत ज्‍यादा गरीबी 1993 के 47.5 फीसदी से घटकर 2023 में 2.6 फीसदी रह गई है। बिजली की पहुंच 99.9 फीसदी तक हो गई है।

 

वैसे भारत की इस तेज आर्थिक रफ्तार और इंफ्रास्ट्रक्चर निर्माण की बढ़ती मांग के बीच चीन ने सप्लाई चेन को हथियार बनाना शुरू किया है। भारत अभी चीन और अमेरिका के बाद निर्माण और बुनियादी ढांचा उपकरणों (CIE) का दुनिया का तीसरा सबसे बड़ा मार्केट है। इसका साइज 97,500 करोड़ रुपये है। 2029-30 तक इसके 2.28 लाख करोड़ रुपये होने का अनुमान है।

 

अभी भी भारत अपनी 45 फीसदी जरूरतें इंपोर्ट से पूरी करता है। हाल ही में चीन के वाणिज्य मंत्रालय की ओर से टनल बोरिंग मशीन (TBM) जैसे महत्वपूर्ण उपकरणों के निर्यात पर प्रतिबंध लगाने के बाद भारत की चिंता बढ़ गई थी।

मुंबई-अहमदाबाद बुलेट ट्रेन प्रोजेक्‍ट के लिए जर्मन कंपनी की टनल बोरिंग मशीन भी चीन से शिप होने के चलते देरी का शिकार हुई थी।

 

चीन की इस मनमानी और आयात निर्भरता को खत्म करने के लिए केंद्रीय कैबिनेट ने बीते बुधवार को 11,000 करोड़ रुपये की बड़ी योजना को मंजूरी दी है। इस योजना का मकसद देश में ही टनल बोरिंग मशीन, शिप-टू-शोर क्रेन और हाइड्रोलिक एक्सकैवेटर जैसे हाई-टेक मैन्‍युफैक्‍चरिंग उपकरणों के उत्पादन को बढ़ावा देना है।

Join Our WhatsApp Channel G Prefer Navabharat News on Google

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Nandkishoryadav