ओडिशा के जंगलों से भटककर छत्तीसगढ़ की सीमा में दाखिल हुआ चर्चित हाथी राजू इन दिनों पूरे रायगढ़ जिले में चर्चा का विषय बना हुआ है।
तमनार में डाला डेरा
तमनार वन परिक्षेत्र के गौरबहरी और हमीरपुर इलाके में डेरा डाले इस विशालकाय हाथी को देखने के लिए ग्रामीणों की भारी भीड़ उमड़ रही है। लोग दूर-दूर से उसे देखने के लिए पहुंच रहे हैं।
पालतू हाथी है राजू, महावत जेल में
स्थानीय स्तर पर मिली जानकारी के अनुसार राजू कोई आम जंगली हाथी नहीं है, बल्कि एक पालतू हाथी है। चर्चाओं के मुताबिक राजू का महावत गांजा तस्करी के एक मामले में पकड़े जाने के बाद जेल चला गया है। महावत के साथ न होने और देखरेख के अभाव में राजू भटकते हुए ओडिशा से छत्तीसगढ़ की सीमा में दाखिल हो गया है।
आक्रामक नहीं, लोगों से घुला-मिला है राजू
आमतौर पर झुंड से बिछड़े दंतैल हाथी काफी आक्रामक होते हैं, लेकिन राजू का व्यवहार इसके बिल्कुल विपरीत है। वह इंसानी बस्तियों के बेहद करीब आकर भी किसी को नुकसान नहीं पहुंचा रहा है।
ओडिशा में भी था लोकप्रिय
रायगढ़ आने से पहले ओडिशा के संबलपुर और सुंदरगढ़ के गांव में भी राजू काफी लोकप्रिय रहा है। वहां के ग्रामीण उसे परिवार के सदस्य की तरह मानते थे और वह घरों के दरवाजे तक पहुंचकर लोगों के हाथ से सीधे फल और खाना लेकर खा लेता है।